उज्जैन। विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन द्वारा मप्र शासन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत पार्टनर राज्यों मणिपुर एवं नागालैण्ड की संस्कृति से सम्बन्धित आयोजन और प्रतियोगिताएं स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित की गईं। आयोजन का शुभारम्भ विक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो एसएस पाण्डेय ने किया।
कुलपति ने कहा कि राष्ट्रीय एकता, हमारी संस्कृति को सहेजने और उसकी समझ को विकसित करने की दृष्टि से एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम का आयोजन महत्त्वपूर्ण है। भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने 31 अक्टूबर 2016 में राष्ट्र प्रेम और एकता को मजबूती देने के लिए एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम की शुरूआत की थी। भारत सदियों से विश्व गुरु रहा ही है, साथ ही दुनिया की सभ्यता और संस्कृति को दिशा देता आ रहा है। भारत की संस्कृति को लेकर हमारे अंदर गौरव का भाव होना चाहिए। राष्ट्र का कण कण हमें प्रिय हो, यह जरूरी है। यह आयोजन इसी भावना को जगाने का प्रयास है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि कुलसचिव डॉ परीक्षित सिंह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम में मणिपुर एवं नागालैण्ड की संस्कृति से सम्बन्धित ड्रामा, एकल गायन (पारम्परिक), समूह गायन (पारम्परिक) तथा मणिपुर एवं नागालैण्ड के ऐतिहासिक चरित्र का वर्णन पर केंद्रित वक्तृता स्पर्धा आयोजित की गई। आयोजन में विक्रम परिक्षेत्र के विभिन्न जिलों के स्पर्धियों की सहभागिता रही, जिनके विजेताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम की रूपरेखा कुलानुशासक प्रो शैलेंद्रकुमार शर्मा ने प्रस्तुत की। अतिथि स्वागत विद्यार्थी कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ राकेश ढंड, प्रो एच पी सिंह, प्रो प्रेमलता चुटैल, प्रो दीपिका गुप्ता, डॉ उमेशकुमार सिंह, डॉ कमलेश दशोरा आदि ने किया।

More Stories
माता की घट स्थापना, समय और नौ दिनों में क्या है विशेष
प्राथमिक विद्यालय शिक्षक पात्रता परीक्षा(TET) 2024 की तारीख हुई जारी, इस तारीख से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया होगी शुरू
28 सितंबर से 2 अक्टूबर 2024 तक चलेगा “सुजल शक्ति अभियान’’