November 29, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Sugarcane Workers Rescue Updates: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ठेकेदार से हुई बात, मजदूरी दिलाकर ट्रेन से रवाना कराए जा रहे मजदूर

पन्ना: पन्ना के 21 मजदूरों सहित तीन बच्चों को कर्नाटक में गन्ने की खेती में काम के लिए बंधक बनाने का आरोप उनके परिजनों ने लगाया है। मामले को लेकर पन्ना जिले के शाहनगर थाना के अंतर्गत बोरी चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई है।

📹 पन्ना के 21 मजदूर और 3 बच्चे कर्नाटक में बंधक

पन्ना जिले के शाहनगर थाना अंतर्गत बोरी चौकी के ग्राम गजनंदा और सलैया फेरन सिंह के 21 मजदूरों को बंधक बनाने की शिकायत उनके परिजनों ने पुलिस चौकी में की है। शिकायत में बताया गया है कि 21 मजदूर और तीन बच्चों को बंधक बनाया है। जब उन्होंने कर्नाटक से वीडियो वायरल किया और परिजनों तक मामला पहुंचा तब इसकी जानकारी लगी।

🌾 गन्ने के खेत में 15 घंटे कराया जा रहा काम, नहीं मिल रही मजदूरी

शिकायत में बताया गया है कि 2 महीने से लगातार मजदूरों को बंधक बनाकर काम कराया जा रहा है। उनसे 14 से 15 घंटे काम लिया जा रहा है और वह गन्ने की कटाई संबंधी काम कर रहे हैं। उन्हें मजदूरी भी नहीं दी जा रही है जिससे वह परेशान हैं और वीडियो में बता रहे हैं कि वह अपने घर पन्ना से पैसे मंगाकर अपना गुजारा कर रहे हैं।

🚆 महाराष्ट्र के औरंगाबाद में काम दिलाने का झांसा देकर ले गए कर्नाटक

संबंधित शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक सब्यसाची सराफ द्वारा SDOP पवई एवं थाना प्रभारी को पूरे मामले पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शाहनगर थाना प्रभारी रवि यादव ने बताया है कि “संबंधित ठेकेदार से बात हो गई है और वह इनको मजदूरी देकर ट्रेन में बैठाकर रवाना कर रहा है। यह लोग पहले महाराष्ट्र के औरंगाबाद गए थे और वहां से विजयपुर जिले की इंडी तहसील गए थे और वहीं पर उनके साथ यह घटना की जानकारी लगी है।”

बता दें कि महाराष्ट्र के औरंगाबाद में काम दिलाने का झांसा देकर ले जाए गए शाहनगर क्षेत्र के 21 मजदूर महिलाएं और बच्चे करीब दो माह से कर्नाटक में फंसे हुए हैं। परिजनों का आरोप है कि विजयपुर जिले की इंडी तहसील के पास मजदूरों से रोजाना 14 से 15 घंटे गन्ने की कटाई और लोडिंग का काम कराया जा रहा है, लेकिन दो माह से मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया और उन्हें घर लौटने की अनुमति भी नहीं मिल रही है।

Share to...