बुरहानपुर: बुरहानपुर के आदिवासी बाहुल्य खकनार ब्लॉक के पांगरी क्षेत्र में जिले की सबसे बड़ी पांगरी बांध परियोजना तैयार हो चुकी है। इस परियोजना में नागझिरी, पांगरी सहित बसाली गांव के किसानों की कृषि भूमि अधिग्रहित की गई है। रविवार को प्रभावित किसानों ने ‘भिक्षाटन’ आंदोलन किया। सभी किसानों ने हाथों में कटोरा लेकर भीख मांगी, साथ ही गांव में शिव मंदिर पर सरकार की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना की है।
⏳ किसानों को अब तक बढ़ाकर मुआवजा नहीं मिला
दरअसल, इस परियोजना में किसानों को जो मुआवजा स्वीकृत किया गया है, उस मुआवजे को बढ़ाने के लिए किसानों ने करीब 17 बार आंदोलन किया, हालांकि सरकार ने प्रभावित किसानों की मांगों को मान लिया। किसानों को मुआवजा बढ़ाकर देने के लिए 25 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की गई थी, लेकिन अब तक किसानों को बढ़ाकर मुआवजा नहीं दिया गया है, इससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है।
📢 सैकड़ों किसानों का अनूठा प्रदर्शन
बता दें कि पांगरी बांध परियोजना से प्रभावित किसानों का सब्र टूट गया है, रविवार को नागझिरी, बसाली और पांगरी के सैकड़ों किसानों ने अनूठे ढंग से विरोध प्रदर्शन किया, हाथ में खाली थाली और कटोरा लेकर किसानों ने ‘भिक्षाम देहि’ और ‘अलख निरंजन’ का नारा लगाया।
प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि “बुरहानपुर जिले का यह सबसे बड़ा बांध बनकर तैयार हो चुका है, किसानों ने परियोजना के लिए अपनी जमीन सशर्त सहमति से दी थी। प्रभावित किसानों की जमीन की मुआवजा राशि 10 लाख से बढ़ाकर 30 लाख की गई, लेकिन खातों में पैसे नहीं डालने से किसान चिंतित हो गए हैं। अब प्रभावित किसानों के सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में एक बार फिर किसानों ने आंदोलन की राह अपनाई है।”
वहीं, बीते 4 वर्षों से डॉ. रवि कुमार पटेल के नेतृत्व में पांगरी बांध के किसानों ने चार गुना मुआवजे की लड़ाई लड़ी है, इस दौरान इन किसानों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मानवाधिकार आयोग और विभिन्न मंत्रालयों तक अपनी बात पुरजोर तरीके से रखी, उन्होंने केंद्र सरकार के भूमि अधिग्रहण कानून की धारा-102 (जिसमें मुआवजा किसी भी स्थिति में 4 गुना से कम न होने का प्रावधान है) के अपने संवैधानिक अधिकार पर अड़ गए थे। हालांकि जिला प्रशासन ने मुआवजा राशि 10 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर से बढ़ाकर 30 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की है।
प्रदर्शनकारी किसान डॉ. रवि कुमार पटेल ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि “पांगरी बांध परियोजना में नागझिरी, बसाली और पांगरी के सैकड़ों किसानों की जमीन अधिग्रहित की गई है, हमने मुआवजा राशि बढ़ाने के लिए 17 बार आंदोलन किए, प्रशासन ने हमारी मांग मान ली, मुआवजा राशि 10 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर से बढ़ाकर 30 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की है, लेकिन अब तक राशि प्रभावित किसानों के खातों में नहीं डाली गई है। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। अब किसान चिंतित हैं, उनका कहना है कि यदि सरकार ने आगामी 15 दिनों के भीतर धारा-26 लागू कर किसानों के खातों में मुआवजा राशि जमा नहीं की, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।”
खास बात यह है कि इन किसानों ने करीब 17 बार आंदोलन किया, इस दौरान बेहद शांतिपूर्ण तरीका अपनाया, उन्होंने न तो सरकारी कामकाज में बाधा डाली, न यातायात रोका और न ही किसी अधिकारी से अभद्रता या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, फिर ऐतिहासिक जीत दर्ज कराई।
🪧 ऐसे किए थे आंदोलन
शीर्षासन, वृक्षासन, मुर्गा बनो आंदोलन, भैंस के आगे बीन बजाओ और धृतराष्ट्र आंदोलन, अर्ध-जलमग्न, अर्धनग्न और आदिमानव आंदोलन, सिर पर खेती, पत्थर खाओ और मुंह काला आंदोलन, अन्याय की हांडी फोड़ो, अंधेरा भगाओ और जादू-टोना आंदोलन, विवेक-बुद्धि यज्ञ, कोलाहल और बच्चों द्वारा कलम पट्टी आंदोलन किए गए थे, इन आंदोलनों ने सरकार और प्रशासन का ध्यान खींचा।

More Stories
RS Bhadauriya Updates: जनवरी से अब तक एमपी में 52 बाघों की मौत, रिटायर्ड अधिकारी आरएस भदौरिया ने जताई चिंता
Wildlife Conservation Updates: क्रिकेट की उपलब्धियों और अनुशासन पर हुई चर्चा, प्रशिक्षु वनरक्षकों का बढ़ाया हौसला
High Court Next Hearing Updates: 31 मार्च 2026 के आदेश का पालन न होने पर दायर हुई थी याचिका, अब 6 जनवरी 2027 को अगली सुनवाई