रीवा: रीवा में शनिवार को BJP ने ‘लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा’ निकाली। इसमें मुख्य रूप से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। पदयात्रा शहर के कॉलेज चौराहे से प्रारंभ हुई और मानस भवन, प्रकाश चौराहा एवं स्टैच्यू चौराहा होते हुए पद्मधर पार्क में संपन्न हुई। पदयात्रा से पूर्व NCC ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मोहन यादव ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने खासकर राहुल गांधी पर हमलावर होते हुए कहा, “पप्पू तुम्हें तो भगवान भी माफ नहीं करेगा।”
⚖️ कांग्रेस ने लोकतंत्र का गला घोंटा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, “प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का विदेश में मान-सम्मान बढ़ा है। अगर किसी के छाती पर सांप लोट रहा है तो वह कांग्रेस और राहुल गांधी हैं। याद रखना इसी कांग्रेस ने राम मंदिर के निर्माण में भी प्रश्न खड़े किए थे। इन्हीं कांग्रेसियों के सत्ता की लालसा बढ़ती गई और लोकतंत्र का गला घोंटते गए। बाबा साहब अंबेडकर और उनकी टीम ने कड़ी मेहनत से संविधान बनाया था। लेकिन धारा 370 खड़ा करने का काम अगर किसी ने किया तो यही कांग्रेस की पहली सरकार ने किया था। वर्षों तक जम्मू-कश्मीर में खून की नदियां बहती गईं। पूरा कश्मीर ही नहीं, उस गलती से पूरे देश में बम ब्लास्ट होते थे।”
📜 कांग्रेस सरकार ने संविधान की धज्जियां उड़ाईं
मोहन यादव ने कहा, “कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर संविधान की धज्जियां उड़ाईं। लोकतंत्र का गला घोंटते हुए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी सहित हजारों लोगों को जेल में डाला। यह काम करने के बाद भी सच्चा लोकतंत्र भारत की जनता के दिल में रहा। हमने देखा चुनाव आए और कांग्रेस का सफाया हो गया। निजी स्वार्थ के लिए 90 से ज्यादा बार सरकारों को बर्खास्त करने का कलंक कांग्रेस के माथे पर है।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “कांग्रेस ने न्यायालय, न्यायाधीश और चुनाव आयुक्त का मजाक उड़ाया है। ये तो इतने बेईमान हैं कि अगर केरल और अन्य राज्यों में चुनाव जीत जाएं तो चुप और अगर बंगाल में चुनाव हार जाएं तो हाय रे हाय रे करते हैं। ये ना तो भगवान शिव को मानते हैं, ना ही रामजी को मानते हैं। ये तो केवल कुर्सी को पहचानते हैं।”
⚡ मध्य प्रदेश में बिजली उत्पादन बढ़ा, रेवांचल को मिलेगा नर्मदा जल
मोहन यादव ने कहा, “रीवा का नाम मां नर्मदा के नाम पर रखा गया था। मुझे गर्व है कि अगले साल तक रेवांचल को भी मां नर्मदा का पानी मिलेगा। कांग्रेस के जमाने में 5 हजार मेगावाट बिजली बनती थी लेकिन अब 30 हजार मेगावाट बिजली बन रही है। ये हमारे काम करने का तरीका है। हम पूरे देश में जगह-जगह इसी तरह जनता के बीच जाकर पदयात्रा करके बता रहे हैं कि ये हमारे आपके बीच लोकतंत्र की लड़ाई है। हम सबको इस लोकतंत्र के खतरे को पहचानना है। बांग्लादेश, पाकिस्तान सहित पूरे एशिया की हालत क्या है, यह टेलीविजन पर देखा जा सकता है।”

More Stories
Maravi Tribal Art Updates: पारंपरिक भट्टी से गढ़े जा रहे कलात्मक शिल्प, इंदौर के आदि महोत्सव में दिखी झलक
Register Investigation Updates: जेल परिसर के सीसीटीवी फुटेज और ड्यूटी रजिस्टर की होगी जांच, साक्ष्य जुटा रही पुलिस
Hemant Khandelwal Booth Mandals Updates: 1313 मंडलों और 71 हजार बूथों तक पहुंचेगा अभियान, बड़ी सीटों पर दो कार्यकर्ताओं की तैनाती