November 29, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

High Court Hearing Updates: एसएसपी के बहाने को कोर्ट ने किया खारिज, 2 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई

ग्वालियर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ में एक केस की सुनवाई के दौरान अदालत ने DGP कैलाश मकवाना पर सख्त टिप्पणियां की हैं। कोर्ट ने यहां तक कह दिया कि वरिष्ठ अधिकारी पुलिस विभाग को बेलगाम घोड़ा बनाने की जी-तोड़ कोशिश कर रहे हैं। वहीं ग्वालियर SSP पर भी टिप्पणी करते हुए उनके द्वारा अनुशासनहीनता और भारत के नागरिकों के मौलिक अधिकारों और देश के कानून के प्रति घृणा को बढ़ावा देने की बात कही है।

🚨 DGP और SSP को कोर्ट की फटकार

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ में गुरुवार को रामजीत उर्फ रामजीलाल एवं अन्य बनाम मध्य प्रदेश (राज्य) की आपराधिक अपील पर सुनवाई हुई। इस दौरान हाई कोर्ट के जस्टिस जीएस अहलूवालिया और जस्टिस अनुराधा शुक्ला की अदालत ने मध्य प्रदेश पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सख्त सवाल खड़े किए। प्रदेश के DGP कैलाश मकवाना और ग्वालियर SSP धर्मवीर सिंह को फटकार लगाई है।

🏥 कैंसर पीड़ित कैदी के इलाज को लेकर सुनवाई

सेंट्रल जेल में बंद नरहरि कैंसर पीड़ित हैं। उन्हें फॉलोअप इलाज के लिए दिल्ली एम्स ले जाने के लिए पुलिस एस्कॉर्ट (पुलिस सुरक्षा गार्ड) नहीं दिए जाने की लापरवाही के मामले में सुनवाई चल रही थी। जिसमें कोर्ट ने पुलिस द्वारा ही उपलब्ध कराए गए तथ्यों को लेकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर की। कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि SSP द्वारा इस मामले में प्रारंभिक जांच के आदेश देने और उस उद्देश्य से एक माह का समय मांगना स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि या तो DGP को प्रत्येक सही तथ्य की जानकारी थी या उन्होंने तथ्यों का सत्यापन किए बिना ही स्वयं को और अपने विभाग को पुलिस विभाग की ईमानदारी का सर्टिफिकेट दे दिया था।

🐴 पुलिस को बेलगाम घोड़ा बनाने की कोशिश

कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि अगर DGP ने तथ्यों का विधिवत सत्यापन किया होता तो ग्वालियर SSP को प्रारंभिक जांच के निर्देश देने की जरूरत ही नहीं होती। यह स्पष्ट है कि पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों को कैदियों के जीवन, स्वतंत्रता और देश के कानून के प्रति कोई सम्मान नहीं है। वे पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और अराजकता को बढ़ावा देने में लगे हुए हैं, जो अपनी मनमर्जी से बेलगाम तरीके से काम कर रहा है। ऐसा लगता है कि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी पुलिस विभाग को एक ‘बेलगाम घोड़ा’ बनाने की जी-तोड़ कोशिश कर रहे हैं।

👨‍⚖️ ग्वालियर SSP पर भी टिप्पणी

वहीं कोर्ट में पेश हुए SSP धर्मवीर सिंह पर भी अदालत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि, “कोर्ट में पेश हुए SSP द्वारा निवेदन किया गया था कि वे हैदराबाद में ट्रेनिंग पर थे, इसलिए उन्हें तथ्यों के बारे में जानकारी नहीं थी। इसलिए उन्हें केवल मामले में प्रारंभिक जानकारी नहीं थी। लेकिन उनके इस बहाने को स्वीकार नहीं किया जा सकता। न्यायालय द्वारा पिछले आदेशों में सभी महत्वपूर्ण तथ्यों का उल्लेख किया गया था। SSP मामले के प्रत्येक पहलू से अवगत थे। उन्होंने अनुशासनहीनता, भारत के नागरिकों के मौलिक अधिकारों और देश के कानून के प्रति घृणा को बढ़ावा देने की पूरी कोशिश की है।”

📋 ‘DGP के मार्गदर्शन में सारी लीपापोती’

बहस के दौरान कोर्ट में SSP द्वारा बताया गया था कि जेल अधीक्षक द्वारा सभी 34 मांगपत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से केवल तीन का जवाब रिजर्व इंस्पेक्टर द्वारा दिया गया था, वे रिजर्व इंस्पेक्टर के रिकॉर्ड में मौजूद हैं। इस पर कोर्ट ने कहा कि, “DGP इस बात से भली-भांति अवगत हैं कि उनके जिन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों पर उन्होंने टिप्पणियों को अनुमोदित करने से पहले भरोसा करने का दावा किया था, वे सही तथ्यों से अवगत थे, लेकिन फिर भी वे अपने उन अधिकारियों को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं जिन्हें भारत के नागरिकों के जीवन और स्वतंत्रता के प्रति कोई सम्मान नहीं है।” कोर्ट ने तल्ख शब्दों में टिप्पणी की है कि सब कुछ और सारी लीपापोती DGP के मार्गदर्शन और जानकारी में हो रही है।

📅 दो दिसंबर को होगी अगली सुनवाई

मामले में हाई कोर्ट ने सुनवाई की अगली तारीख 2 दिसंबर को नियत की है, साथ ही सुनवाई के आदेश की प्रति मुख्यमंत्री मोहन यादव और मुख्य सचिव को भेजने के भी आदेश दिए हैं।

Share to...