November 25, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Congress Attack Updates: बयान पर बवाल के बाद विधायक ने दी सफाई, कांग्रेस ने साधा भाजपा पर निशाना

बालाघाट: लांजी से भाजपा विधायक राजकुमार कर्राहे विवादास्पद बयान देकर कांग्रेस के निशाने पर आ गए हैं। BJP विधायक क्षेत्र का दौरा करने के दौरान लाड़ली बहनों को प्रत्येक माह मिलने वाली 1500 की राशि की जानकारी ले रहे थे। विधायक ने महिलाओं को देखकर अपनी गाड़ी रोक दी। गाड़ी में बैठे-बैठे ही महिलाओं से पूछा, “आपके खाते में लाड़ली बहना की राशि आ रही है या नहीं।” जैसे ही महिलाओं ने हां में जवाब दिया तो विधायक ने आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी।

😠 BJP विधायक की सलाह पर लोग नाराज

BJP विधायक राजकुमार कर्राहे ने महिलाओं से कहा, “लाड़ली बहना योजना से मिलने वाली राशि से खूब अंडे-मुर्गी खाओ लेकिन यह ध्यान रखना कि वोट कमल पर ही देना। अच्छा खाना खाओ और बच्चों को भी खिलाओ, जिससे उनका स्वास्थ्य बेहतर रहे।” इस घटना का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने बना लिया और इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। इसके बाद विधायक के पास फोन घनघनाने लगे। विधायक की इस अजीब सलाह को लेकर सोशल मीडिया पर लोग गुस्से का इजहार कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि विधायक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि होता है, कुछ बोलने से पहले सोचना भी चाहिए।

💬 निंदा हुई तो सफाई देने लगे विधायक

जब लोगों ने इस आपत्तिजनक बयान पर रोष प्रकट किया तो पत्रकारों के सवालों पर विधायक राजकुमार कर्राहे सफाई देने लगे। उनका कहना है कि वे मेले से लौट रहे थे, तभी रास्ते में महिलाएं और बच्चे दिखाई दिए। उन्होंने गाड़ी रोककर पूछा कि वे क्या खा रहे हैं। बातचीत के दौरान महिलाओं ने बताया कि वे खुद कुछ नहीं खा रही हैं, बल्कि बच्चे और दूसरे लोग खा रहे हैं। उन्होंने लोगों को शराब से दूर रहने की सलाह भी दी थी। बातचीत का यह हिस्सा वीडियो में रिकॉर्ड नहीं हो पाया। उनका मकसद लोगों को अच्छा खानपान अपनाने और स्वस्थ रहने की सलाह देना था।

🏛️ कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

लांजी से BJP विधायक राजकुमार कर्राहे का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अब BJP विधायक तय करेंगे लाड़ली बहनें क्या खाएं, कैसे रहें और किसे वोट दें।

Share to...