November 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

MP High Court Fake AI Case Updates: दलील में AI के इस्तेमाल से जुड़ा मनगढ़ंत मामला आया सामने, हाई कोर्ट ने जताई नाराजगी

जबलपुर: मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के जस्टिस विवेक रूसिया तथा जस्टिस प्रदीप मित्तल की युगलपीठ ने अहम आदेश में कहा है, “प्रशासनिक परिपत्र के माध्यम से भर्ती नियमों की वैधानिकता को समाप्त नहीं किया जा सकता। लेखपाल के पद पर पदोन्नति के लिए विभागीय लेखा प्रशिक्षण परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य है।” युगलपीठ ने सरकार की अपील को स्वीकार करते हुए पूर्व में पारित आदेश को निरस्त कर दिया।

📋 पहले प्रशासनिक अधिकरण में की अपील

सरकार की तरफ से दायर अपील में कहा गया, “वन विभाग में रमेश बोरीकर की नियुक्ति 26 मई 1972 को वनरक्षक के पद पर हुई थी। इसके बाद 22 दिसंबर 1975 को उन्हें लोअर कैटेगरी क्लर्क के पद पर पदोन्नत किया गया। इसके बाद सहायक ग्रेड-2 के पद पर पदोन्नति दी गई। उन्होंने अपने कनिष्ठ कर्मचारी राधेश्याम वर्मा को लेखापाल पद पर पदोन्नति मिलने के आधार पर स्वयं को भी उसी तिथि से पदोन्नति देने की मांग करते हुए मध्य प्रदेश राज्य प्रशासनिक अधिकरण में आवेदन प्रस्तुत किया था।”

🏛️ प्रमोशन का मामला पहुंचा हाई कोर्ट

राज्य प्रशासनिक अधिकरण के बंद होने के बाद प्रकरण हाई कोर्ट पहुंचा। हाई कोर्ट ने 26 सितंबर 2008 को विभागीय पदोन्नति समिति की समीक्षा बैठक आयोजित कर रमेश बोरीकर के मामले पर विचार करने के निर्देश दिए थे। समीक्षा DPC ने उनके सेवा रिकॉर्ड का परीक्षण किया, लेकिन लेखा प्रशिक्षण परीक्षा उत्तीर्ण नहीं होने के कारण उन्हें लेखपाल पद के लिए अपात्र माना गया। इसके बाद बोरीकर ने वर्ष 2012 में फिर हाई कोर्ट में याचिका दायर की।

📜 हाई कोर्ट ने पहले के आदेश को निरस्त किया

याचिकाकर्ता रमेश बोरीकर की ओर से तर्क दिया गया, “राज्य सरकार ने 10 जून 1996 के परिपत्र के माध्यम से 40 वर्ष की आयु पूरी कर चुके कर्मचारियों को परीक्षा से छूट दी थी। भर्ती नियमों में लेखा प्रशिक्षण परीक्षा को अनिवार्य योग्यता नहीं बताया गया।” एकलपीठ ने याचिकाकर्ता के आवेदन पर विचार करते हुए कनिष्ठ अधिकारी को दी गई पदोन्नति तिथि से उसे पदोन्नति सहित अन्य लाभ प्रदान करने के आदेश जारी किए थे।

राज्य सरकार की तरफ से दायर अपील में तर्क दिया गया, “वन सेवा भर्ती नियम, 1978 के नियम 14(बी) के तहत लेखा प्रशिक्षण अनिवार्य है। इसलिए परीक्षा उत्तीर्ण किए बिना पदोन्नति नहीं दी सकती।” युगलपीठ ने पूर्व में एकलपीठ द्वारा दिए गए पदोन्नति संबंधी आदेश को निरस्त कर दिया।

🤖 AI का इस्तेमाल कर मनगढ़ंत मामले का उल्लेख

एक अन्य मामले में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में राज्य सरकार के अधिवक्ता द्वारा अपनी दलीलों के समर्थन में सर्वोच्च न्यायालय के काल्पनिक आदेश का हवाला दिया गया। हाई कोर्ट ने पाया, “जिस प्रकरण का हवाला दिया गया है, वह संबंधित प्रकरण से जुड़ा हुआ नहीं है।” हाई कोर्ट जस्टिस विवेक कुमार सिंह की एकलपीठ ने अपने आदेश में कहा है, “यह साफ तौर पर दिखता है कि अपनी दलील तैयार करने के लिए बिना सोचे-समझे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स का इस्तेमाल किया है। इस कारण एक मनगढ़ंत मामले का नाम और उससे असंबद्ध कानूनी तर्क आपस में जुड़ गए हैं।” यह याचिका पीयूष मणि तिवारी की तरफ से दायर की गई थी।

Share to...