छतरपुर। देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान रखने वाले खजुराहो में आज एक अनोखी शादी होने वाली है। इस अनोखी शादी में दूल्हा जर्मनी से है, तो दुल्हन मुंबई से। देव उठनी ग्यारस पर देश-दुनिया में हिंदू रीति-रिवाज से शादियां शुरू हो जाती हैं, इसी बीच छतरपुर के खजुराहो में होने जा रही यह शादी चर्चा का विषय बनी हुई है।
मंदिरों के शहर के नाम से दुनिया भर में मशहूर खजुराहो अपनी कला, संस्कृति, वेशभूषा, खानपान से विदेशियों को भी खासा आकर्षित करता है। देश-दुनिया के लोग खजुराहो के मंदिरों को देखने और यहां की संस्कृति जानने आते हैं, पर इस बार विदेशी मेहमान यहां खास शादी के लिए आए हैं। मुंबई की रहने वाली शिखा सिंह जर्मनी के अपने बॉयफ्रेंड से विवाह के बंधन में बंधने जा रही हैं। खास बात यह है कि यह शादी भारतीय संस्कृति और हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार खजुराहो में संपन्न होगी।
🪔 हिंदू रीति-रिवाज से होगी शादी, बुंदेली अंदाज में स्वागत
विवाह का मुख्य आयोजन देव उठनी एकादशी (20 नवंबर) को एक निजी होटल में होगा, जबकि इससे पहले तीन दिनों तक खजुराहो के एक होटल में हल्दी, मेहंदी सहित अन्य वैवाहिक रस्में धूमधाम से आयोजित हुईं। बीते दिन हल्दी-मेहंदी समारोह में देश-विदेश से पहुंचे मेहमानों का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया, तिलक लगाकर और फूल-मालाएं पहनाकर विदेशी मेहमानों का अभिनंदन बुंदेली अंदाज में किया गया। विदेशी मेहमानों को यहां बने होम स्टे में ठहराया गया।
❤️ जर्मनी में दोस्ती-प्यार, खजुराहो में शादी
मुंबई की रहने वाली दुल्हन शिखा सिंह ने बताया कि उनके पिता जर्मनी में रहते हैं और वह भी जर्मनी में रह चुकी हैं। वहीं, उनकी मुलाकात अपने होने वाले जीवनसाथी से हुई थी। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों ने शादी खजुराहो में करने का फैसला किया। शिखा कहती हैं कि भले ही वे जर्मनी और मुंबई में रही हों पर उनका होमटाउन खजुराहो के पास है और उन्हें खजुराहो का रिच कल्चर काफी पसंद है, जो उन्हें वहां खींच लाया। जर्मनी से आए दूल्हे जूलियन ने भी खजुराहो की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि जर्मनी में दोस्ती के बाद दोनों के बीच अच्छी केमिस्ट्री थी, इसलिए उन्होंने साथ रहने का फैसला किया।
🏛️ खजुराहो के वातावरण और मंदिरों ने मोहा जर्मन दूल्हे का मन
जर्मन दूल्हे जूलियन ने कहा, “खजुराहो का वातावरण बेहद खूबसूरत है, और यहां के लोग भी बहुत अच्छे हैं। यहां के मंदिरों को देखकर दिल खुश हो जाता है।”
वहीं, इस अनोखी शादी को लेकर स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। विदेशी मेहमानों की मौजूदगी और भारतीय परंपराओं के बीच हो रहे इस विवाह ने एक बार फिर खजुराहो की अंतरराष्ट्रीय पहचान और सांस्कृतिक आकर्षण को खास बना दिया है।

More Stories
Keshalochan Ceremony Updates: बसारी दरवाजा स्थित निवास पर हुआ दीक्षार्थियों का सम्मान, भावुक माहौल में दी गई विदाई
Death Postmortem Updates: ASP ने कहा मेडिकल हिस्ट्री और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज, इलाके में फैली सनसनी
CM Mohan Yadav Memorandum Updates: भस्मार्ती व वीआईपी दर्शन में अनियमितताओं के आरोप, संतों के साथ अभद्रता पर जताई नाराजगी