April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

65 किग्रा वर्ग में बजरंग दुनिया के नंबर-1 पहलवान बने

भारतीय स्टार पहलवान बजरंग पूनिया ने शनिवार को 65 किग्रा वर्ग में शीर्ष विश्व रैंकिंग हासिल की। इस सत्र में 5 पदक जीतने वाले 24 साल के बजरंग यूड्ब्ल्यूड्ब्ल्यू की सूची में 96 अंक के साथ रैंकिंग तालिका में शीर्ष पर चल रहे हैं। इस साल उन्होंने राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के अलावा विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया था। बजरंग के लिए यह सत्र शानदार रहा और वह बुडापेस्ट विश्व चैंपियनशिप में वरीयता पाने वाले एकमात्र भारतीय पहलवान रहे थे।
बजरंग ने दूसरे स्थान पर मौजूद क्यूबा के एलेजांद्रो एनरिक व्लाडेस टोबियर पर मजबूत बढ़त बना रखी है, जिनके 66 अंक हैं। बजरंग ने विश्व चैंपियनशिप के करीबी सेमीफाइनल में टोबियर को हराया था। रूस के अखमद चाकेइव जबकि नए विश्व चैंपियन ताकुतो ओटोगुरो चौथे स्थान पर हैं। इनके बाद तुर्की के सेलाहतिन किलिसाल्यान का नंबर आता है।
बजरंग देश के एकमात्र पुरुष पहलवान हैं, जिन्हें रैंकिंग में शीर्ष 10 में जगह मिली है। भारत की 5 महिला पहलवान अपने-अपने वर्ग में शीर्ष 10 में जगह बनाने में सफल रही हैं। विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले सिर्फ चौथी भारतीय महिला पहलवान बनी पूजा ढांडा महिलाओं के 57 किग्रा वर्ग में 52 अंक के साथ छठे स्थान पर हैं।

Share to...