April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

गृह मंत्री अमित शाह के हाथों मिले 60244 कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र, यह बोले अमित शाह

उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग के नव चयनित 60,244 सिपाहियों को आज गृह मंत्री अमित शाह और सीएम योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में किया गया।

इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि न खर्ची, न पर्ची, न जाति, न भ्रष्टाचार बल्कि सिर्फ योग्यता के आधार पर यूपी पुलिस की यह भर्ती हुई है। यह उत्तर प्रदेश शासन की बड़ी उपलब्धि है। इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस बल में 60,244 पुलिसकर्मियों की भर्ती एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम ऐसे समय में हो रहा है, जब प्रधानमंत्री मोदी के देश सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष के कार्यकाल ने नए भारत के रूप में प्रत्येक भारतीय के जीवन में परिवर्तन लाने का काम किया है। पिछले 8 वर्षों में प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश के युवाओं को साढ़े आठ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देकर एक उदाहरण प्रस्तुत किया है कि परीक्षा की सूचिता और पारदर्शिता क्या हो सकती है।

अमित शाह ने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के तीन साल बाद तक यूपी में बदलाव नहीं हुआ। लेकिन योगी सरकार बनने के बाद यहां काफी बदलाव हुआ। आज किसी युवा को एक पैसा भी नहीं देना पड़ा, न खर्ची, न पर्ची, न सिफारिश, सिर्फ योग्यता के आधार पर आप सबको चयनित किया गया। इसमें 12 हजार से अधिक बच्चियां हैं। आज बच्चियों के चेहरे पर मुस्कान, तेज, आत्मसंतोष देखकर काफी सुकून मिला। उन्होंने कहा कि यूपी आज दंगा मुक्त हो चुका है। आज यूपी में अपराधियों को वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं मिलता। पिछले 11 साल के अंदर 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए। गैस सिलेंडर, पांच लाख तक का मुफ्त इलाज, आदि मिल रहा है। जब पीएम नरेंद्र मोदी आए तब देश आर्थिक जगत में 11वें नंबर पर था। आज हम चौथे पायदान पर हैं। 2027 तक हमारा देश दुनिया के तीसरे नंबर का अर्थतंत्र बन जाएगा। गृहमंत्री ने कहा कि सभी युवा यूपी पुलिस का हिस्सा बनिए। गरीब, वंचित को आपके अंदर मसीहा दिखना चाहिए। ऐसा काम कीजिए। यूपी में अच्छा काम करते हुए आप देश की सेवा करेंगे।

Share to...