नईदिल्ली: नईदिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना मे अब तक 18 लोगों की मौत हुई है। इनमें 9 महिलाएं, 5 बच्चे, 4 पुरुष शामिल हैं। वही करीब 20 से 25 लोग घायल हैं। जिनका विभिन्न अस्पतालों में ईलाज जारी हैं। घटना रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर 14,16 की बताई जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भगदड़ की घटना पर दुख जताया है।
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से व्यथित हूं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों। अधिकारी उन सभी लोगों की सहायता कर रहे हैं जो इस भगदड़ से प्रभावित हुए हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से बुरी खबर। रेलवे प्लेटफॉर्म पर भगदड़ के कारण लोगों की मौत से मैं बेहद दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
केंद्रीय स्वास्थ मंत्री जे पी नड्डा ने डाक्टरों और अधिकारियों से बात की है और उचित निर्देश दिए हैं। दिल्ली के मुख्य सचिव द्वारा अलग अलग अस्पतालों में बड़ा मेडिकल दल ड्यूटी पर लगा दिया है।
रेलवे बोर्ड सूचना एवं प्रचार के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने कहा, “आज शाम नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या आम दिनों से काफी ज्यादा थी, जिसे देखते हुए रेलवे ने नियमित ट्रेनों के साथ-साथ स्पेशल ट्रेनें भी चलाईं। कुछ देर के लिए यात्रियों की संख्या काफी ज्यादा हो गई, जिसके चलते कुछ लोगों के बेहोश होने की खबर मिली, उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल स्थिति सामान्य है रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार और आरपीएफ डीजी मौके पर पहुंच गए हैं। मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय उच्च स्तरीय कमेटी गठित की गई है।
भगदड़ के बाद रेलवे ने स्थिति पर नियंत्रण के लिए और प्लेटफॉर्म पर मौजूद भीड़ को प्रयागराज रवाना करने के लिए चार विशेष ट्रेनों की त्वरित व्यवस्था की है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घटना के बाद बताया कि दिल्ली पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल मौके पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रण में किए हुए है। घायलों को अस्पताल भेजा जा चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया है, ताकि अचानक आई भारी भीड़ को हटाया जा सके।
वहीं रेलवे के अनुसार, स्थिति अब पूरी तरह से नियंत्रण में है और भीड़ कम हो गई है। रेलवे पुलिस और दिल्ली पुलिस घटनास्थल पर मौजूद हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उस समय हुई, जब अचानक प्रयागराज जाने वाली दो ट्रेनों के रद्द होने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई थी। बताया जा रहा है कि प्लेटफार्म नंबर 14 और 15, जो एक साथ हैं, उसके बीच अचानक भारी भीड़ पहुंच गई। इसी बीच दो ट्रेन कैंसिल होने की अफवाह लोगों में तेजी से फैल गई और भगदड़ जैसी स्थिति मच गई।
फिलहाल स्थिति पूरी तरह से काबू में है और जो भी लोग घायल हुए हैं, उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। रेलवे मंत्रालय और अधिकारी इस पूरी घटना पर सीधी नजर बनाए हुए हैं और स्थिति को सामान्य किया जा रहा है।

More Stories
जबलपुर में सनसनीखेज वारदात, सिविल इंजीनियर को दिनदहाड़े मारी गोली, हालत गंभीर
मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, लगी आग, 11 लोगों की जलकर मौत
वर्षा जल संरक्षण में प्रदेश का जनजातीय जिला डिंडोरी देश में प्रथम स्थान पर, खंडवा देश में दूसरे स्थान पर