मध्य प्रदेश कांग्रेस ने पेट्रोलियम उत्पादों के बढ़ते दामों और महंगाई को लेकर नरेंद्र मोदी सरकार की आलोचना की है। गुरुवार को पार्टी की तरफ से कहा गया कि इस सरकार के लिए चुनाव में जीत का मतलब लोगों को लूटने का लाइसेंस हासिल करना है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए पार्टी की प्रवक्ता रागिनी नायक ने यह भी आरोप लगाया कि उर्वरक को महंगा कर मोदी सरकार उन किसानों से बदला ले रही है जिन्होंने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया था।
मार्च में भाजपा ने 5 राज्यों में से 4 में विधानसभा चुनाव जीता था। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि 1 अप्रैल के बाद दाम बढ़े जिससे लोगों की रीढ़ की हड्डी टूट गई और देश के हर परिवार का बजट बिगड़ गया। उन्होंने आगे कहा कि पिछले 17 दिनों में पेट्रोल और डीजल के दाम 14 बार बढ़े हैं। इसका परिणाम यह हुआ है कि पेट्रोल और डीजल दोनों के ही दाम में 10 रुपये की बढ़ोतरी हो गई है।
