इंदौर: रोजगार, सरकारी भर्ती, सरकारी नौकरी भर्ती प्रक्रिया को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों, अभ्यर्थियों ने रविवार को इंदौर शहर में विशाल पैदल मार्च निकाला। इस मार्च में हज़ारों की संख्या में छात्र, भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी शामिल हुए। बता दें कि मप्र लोकसेवा आयोग की परीक्षाएं, ओबीसी आरक्षण, व्यापमं भर्ती परीक्षाएं, बेरोजगारी भत्ता, संविदा भर्ती, आउट सोर्सिंग भर्ती बंद करने सहित कई मांगों को लेकर छात्र-अभ्यर्थी सत्याग्रह कर रहे हैं। 21 से 28 सितंबर तक चलने वाले इस सत्याग्रह के तहत रविवार को हज़ारों की संख्या में छात्र ब अभ्यर्थी सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ हल्ला बोला।
नेशनल एजुकेटेड यूथ यूनियन यानि नेयू के बैनर तले छात्र 21 से 28 सितंबर तक सत्याग्रह कर रहे हैं। भर्ती परीक्षा, सरकारी भर्ती, रोजगार सहित अन्य मांगों को लेकर लामबंद हुए ये हज़ारों छात्र जब सड़क पर उतरे तो हर कोई देखता रह गया। छात्रों ने दीनदयाल पार्क स्थित सत्याग्रह स्थल से रीगल चौराहे तक पैदल मार्च निकाला। इतनी बड़ी संख्या में छात्र-युवा लंबे समय बाद इंदौर की सड़कों पर एक साथ नज़र आया।
ये छात्र-युवा हाथों में तिरंगा थामे हुए और सरकार से रोजगार की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। पैदल मार्च भंवरकुआं, नवलखा, छावनी होते हुए रीगल पर पहुंचा।
दरअसल 2018 के बाद से पीएससी शेड्यूल लगातार प्रभावित हो रहा है, व्यापमं भर्ती परीक्षाओं और रिजल्ट के विभिन्न मुद्दों के कारण सरकारी भर्ती नहीं हो रही। ऐसे में छात्रों का धैर्य जवाब दे गया है और उन्होंने सरकार के खिलाफ हल्ला बोल दिया है। छात्रों ने आर पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए 28 सितंबर तक सत्याग्रह शुरू किया है। रीगल स्थित गांधी प्रतिमा पर छात्रों ने माल्यार्पण कर अपनी मांगे राष्ट्रपिता के समक्ष रखी।
छात्रों की लोकसेवा आयोग की 2019-20-21 की भर्ती, ओबीसी आरक्षण मुद्दा, व्यापम के 1 लाख पद एसआई, पटवारी,कॉन्स्टेबल, एग्रीकल्चर, बैंकिंग और अन्य भर्ती परीक्षा, रिटायरमेंट की उम्र 58 वर्ष करने, शिक्षक वर्ग 1, 2 व 3 की पद वृद्धि, 5 हज़ार रुपए प्रति माह बेरोजगारी भत्ता देने, संविदा भर्ती और आउट सोर्सिंग भर्ती बंद करने सहित अन्य मांगें हैं।
सत्याग्रह और पैदल मार्च कर रहे छात्रों व अभ्यर्थियों के अनुसार यदि 27 सितंबर तक मांगे नहीं मानी गई तो 28 सितंबर को छात्र भोपाल में मार्च करेंगे और सरकार को घेरेंगे।
हजारो की संख्या में आज छात्र छात्राएं अभ्यर्थी हाथो में तिरंगा झंडा लिए सड़कों पर निकले तो लोग देखते ही रह गए इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।

More Stories
प्राथमिक विद्यालय शिक्षक पात्रता परीक्षा(TET) 2024 की तारीख हुई जारी, इस तारीख से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया होगी शुरू
प्रदेश के स्कूलों में बच्चों के नामांकन की कमी पर कलेक्टर्स को लिखा गया पत्र
प्रदेश के समस्त उच्च शिक्षण संस्थानों में लागू होगा नवीन अध्यादेश 14 (1)