April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

सुप्रीम कोर्ट के जजों का विवाद सुलझा, बाहरी हस्तक्षेप की जरूरत नहीं : बार काउन्सिल

नई दिल्ली। बार काउन्सिल आफ इंडिया ने सोमवार को कहा कि उच्चतम न्यायालय के 4 न्यायाधीशों द्वारा प्रधान न्यायाधीश दीपक मिश्रा के खिलाफ सार्वजनिक रूप से आरोप लगाने से उत्पन्न संकट आंतरिक तरीके से हल कर लिया गया है और अब कहानी खत्म हो गई है। बार काउन्सिल आफ इंडिया के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा के नेतृत्व में इस संगठन के 7 सदस्यीय शिष्टमंडल ने रविवार को प्रधान न्यायाधीश सहित शीर्ष अदालत के 15 न्यायाधीशों मुलाकात की थी। उन्होंने सोमवार को बताया कि 4 न्यायाधीशों द्वारा उठाए गए मसले परिवार का अंदरूनी मामला था, जिसे सुलझा लिया गया है।
अध्यक्ष ने कहा कि कहानी खत्म हो गई और उन्होंने राजनीतिक दलों को आगाह किया कि वे 4 न्यायाधीशों की 12 जनवरी की प्रेस कांफ्रेस में उठाई गई समस्याओं का अनावश्यक राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास नहीं करे। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि बार काउन्सिल आफ इंडिया अपने प्रयासों में सफल रही। इस मामले में किसी भी बाहरी हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं है और हम भी उन पर किसी प्रकार की शर्त नहीं थोपेंगे और उन्हें स्वयं ही आपस में चाय पर मतभेद दूर करने देंगे।

Share to...