April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

सऊदी अरब के तेल भंडारों पर हमलों के बाद भारत में महंगे हुए पेट्रोल-डीजल

सऊदी अरब के तेल प्रतिष्ठानों पर हाल में हुये हमलों से कच्चे तेल बाजार में उथल-पुथल के बीच भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 5 जुलाई के आम बजट के दिन के बाद सबसे बड़ा उछाल दर्ज किया गया। दिल्ली में पेट्रोल का दाम 14 पैसे बढ़ कर 72.17 रुपये प्रति लीटर और डीजल 15 पैसे तेज हो कर 65.58 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया। देश के सरकारी तेल कंपनियों ने यह जानकारी दी है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क बढ़ा दिया था जिसके बाद इनके दाम में करीब ढाई रुपये प्रति लीटर की वृद्धि कर दी गई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में कारोबार के दौरान सोमवार को 20 प्रतिशत के भारी उछाल के बाद भारत में सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने मंगलवार को पेट्रोल डीजल के दाम में यह वृद्धि की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 30 साल बाद कच्चे तेल के दाम में एक दिन में इतना बड़ा उछाल आया है। बाजार अंत में 15 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ था।
सऊदी अरब के कच्चे तेल की रिफ़ाइनरी पर ड्रोन हमले का असर भारत पर भी पड़ेगा
मंगलवार को अंतराष्ट्रीय बाजार थोड़ा नीचे चल रहा था लेकिन हमलों के जवाब में सैनिक कार्यवाही की आशंकाओं के चलते बाजार में अनिश्चितता का वातावरण बना हुआ है। मंगलवार को ब्रेंट कच्चा तेल पिछले दिन के मुकाबले 36 सेंट यानी 0.50 प्रतिशत घट कर 68.66 डॉलर प्रति बैरल पर चल रहा था। पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि भारत स्थिति पर बराबर निगाह रखे हुए है।

Share to...