April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

शेयर बाजार में मचा कोहराम, सेंसेक्स और निफ्टी ऐसे गिरे

भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति द्वारा रेपो दर में 40 आधार अंकों की बढ़ोतरी की घोषणा के साथ ही बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में तहलका मच गया। निवेशकों की भारी बिकवाली के दबाव में बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 2.29 प्रतिशत यानी 1,307 अंक फिसलकर 55,669 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 2.29 प्रतिशत यानी 392 अंक लुढ़ककर 16,678 अंक पर बंद हुआ।

मौद्रिक नीति समिति का यह फैसला बाजार निवेशकों के लिये बिल्कुल ही अप्रत्याशित था। कोरोना महामारी के बाद पहली बार नीतिगत दरों में बढ़ोतरी की गई है। महामारी को देखते हुये आरबीआई ने नरम रुख अपनाया हुआ था। आरबीआई का कहना है कि महंगाई पर काबू पाने के लिये दरों को बढ़ाने का फैसला किया गया है। आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने रेपो दर में 40 आधार अंक और कैश रिजर्व रेशियो में 50 आधार अंकों की बढ़ोतरी की घोषणा की है। अब संशोधित रेपो दर 4.40 प्रतिशत और सीआरआर 4.5 प्रतिशत है।

रेपो दर, उस दर को कहते हैं, जिस पर आरबीआई बैंकों को अल्पकालिक ऋण प्रदान करता है। आरबीआई की घोषणा के कारण बीएसई के सभी सूचकांक गिरावट में रहे। सेंसेक्स की मात्र 3 कंपनियां पावर ग्रिड, एनटीपीसी और कोटक बैंक हरे निशान में रहे जबकि शेष 27 कंपनियां लाल निशान में रहीं। ऐसा ही हाल एनएसई में भी देखने को मिला। निफ्टी की 50 में से 5 कंपनियां तेजी में और शेष 45 गिरावट में रहीं। शेयर इंडिया के शोध प्रमुख एवं उपाध्यक्ष रवि सिंह ने कहा कि दुनिया भर के कई केंद्रीय बैंक ने अब अपना नरम रुख त्याग दिया है। आरबीआई की आज की घोषणा भी महंगाई पर काबू पाने की दिशा में ही की गई है।

Share to...