April 20, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

विश्व कप 2019 : पहले मैच में पाकिस्तान पर वेस्टइंडीज की बड़ी जीत

ओशेन थामस की अगुवाई में तेज गेंदबाजों के शार्ट पिच गेंदों के कमाल और सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल के तूफानी अर्धशतक की मदद से वेस्टइंडीज ने शुक्रवार को यहां पाकिस्तान को 218 गेंद शेष रहते हुए 7 विकेट से करारी शिकस्त देकर विश्व कप 2019 में अपने अभियान का शानदार आगाज किया। पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित करने के बाद वेस्टइंडीज ने शार्ट पिच गेंदों से कहर बरपाया और उसकी पूरी टीम को केवल 21.4 ओवर में 105 रन पर ढेर कर दिया। वेस्टइंडीज ने 13.4 ओवर में 3 विकेट पर 108 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। गेल ने 34 गेंदों पर 6 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 50 रन बनाये जबकि निकोलस पूरण 19 गेंदों पर 34 रन बनाकर नाबाद रहे।
पाकिस्तान की यह पूरे खेले गये वनडे मैचों में लगातार 11वीं हार है जो उसका अब तक का सबसे बुरा प्रदर्शन है। इस पूरे मैच में केवल 212 गेंदें फेंकी गयी। लेकिन वह तेज गेंदबाज थे जिन्होंने वेस्टइंडीज की बड़ी जीत की नींव रखी। पाकिस्तान के केवल चार बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे। उसके आखिरी 6 बल्लेबाज 5.3 ओवर के अंदर पवेलियन लौटे। पाकिस्तान का यह विश्व कप में दूसरा न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले 1992 में इंग्लैंड के खिलाफ एडिलेड में उसकी टीम 74 रन पर आउट हो गयी थी।

Share to...