April 23, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

वायु प्रदूषण के चलते 2017 में 12 लाख लोगों की हुई मौत

वायु प्रदूषण की वजह से 2017 के दौरान भारत में 12 लाख लोगों की मौत हुई। अमेरिका के हेल्थ इफेक्ट्स इंस्टीट्यूट ने अपनी रिपोर्ट स्टेट ऑफ ग्लोबल एयर 2019 में यह दावा किया। इसमें बताया गया कि 2017 के दौरान हार्टअटैक, लंग कैंसर, डायबिटीज जैसे रोगों की वजह से विश्व में 50 लाख लोगों की मौत हुई। इनमें से 30 लाख लोगों की मौत सीधे तौर पर पीएम 2.5 की वजह से हुई।
इंस्टीट्यूट का कहना है कि भारत ने प्रदूषण से लड़ने के लिए बेहतरीन योजनाएं बनाई हैं। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम और बीएस-4 की सराहना करते हुए रिपोर्ट में कहा गया है कि ये योजनाएं सही तरीके से क्रियान्वित हुईं तो सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।
रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रदूषण की वजह से दक्षिण एशिया में जन्म लेने वाले बच्चों की आयु ढाई साल तक घट गई है। वैश्विक स्तर पर इसकी वजह से बच्चों की आयु के 20 माह तक घटने के आसार हैं। इंस्टीट्यूट का कहना है कि विश्व में सड़क दुर्घटनाओं, मलेरिया की तुलना में प्रदूषण से ज्यादा लोगों की मौत हो रही है। इस मामले में चीन और भारत के हालात एक जैसे हैं। भारत में हर साल होने वाली मौतों की तीसरी सबसे बड़ी वजह प्रदूषण है।

Share to...