कॉल टर्मिनेशन चार्ज को खत्म किए जाने को लेकर ट्राई की समीक्षा में हो रही देरी के बीच अरबपति मुकेश अंबानी की टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो ने बुधवार को अपने उपभोक्ताओं से वॉयस कॉल के लिए 6 पैसा प्रति मिनट की दर से शुल्क लेने की घोषणा की है। जियो नेटवर्क से अन्य नेटवर्क पर किए जाने वाले कॉल के लिए यह शुल्क लागू होगा। जियो ने कहा है कि वह वॉयस कॉल शुल्क की भरपाई उतने ही कीमत का मुफ्त डाटा देकर करेगी।
जियो ने अपने एक बयान में कहा है कि वह अब अन्य कंपनियों के नेटवर्क पर कॉल के लिए छह पैसे प्रति मिनट का शुल्क लेगी, इसकी भरपाई मुफ्त डाटा देकर की जाएगी। जियो यूजर्स द्वारा अन्य जियो फोन और लैंडलाइन पर किए जाने वाले कॉल पर यह शुल्क लागू नहीं होगा। इसी प्रकार व्हाट्सएप, फेस टाइम और अन्य ऐसे प्लेटफॉर्म के जरिये किए जाने वाले कॉल पर भी यह शुल्क लागू नहीं होगा। सभी नेटवर्क से आने वाले इनकमिंग कॉल पहले की तरह ही मुफ्त बने रहेंगे।
टेलीकॉम नियामक ट्राई ने 2017 में इंटरकनेक्ट यूसेज चार्ज को 14 पैसे से घटाकर 6 पैसा प्रति मिनट कर दिया था और कहा था कि यह शुल्क जनवरी 2020 तक पूरी तरह से खत्म कर दिया जाएगा। लेकिन अब ट्राई ने परामर्श पत्र जारी कर प्रतिभागियों से यह पूछा है कि क्या इस समय सीमा को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
अभी तक जियो नेटवर्क पर वॉयस कॉल फ्री थी इस वजह से जियो को अपनी प्रतिस्पर्धी कंपनियों जैसे भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया को 13,500 करोड़ रुपए का भुगतान करना पड़ा है। ट्राई के इस कदम से होने वाले नुकसान से बचने के लिए जियो ने अन्य नेटवर्क पर किए जाने वाले प्रत्येक कॉल के लिए 6 पैसा प्रति मिनट की दर से शुल्क वसूलने का निर्णय लिया है।
रिलायंस जियो यूजर्स को झटका, अन्य मोबाइल नेटवर्क पर कॉल करने पर लगेगा पैसा

More Stories
जम्मू कश्मीर के उधमपुर में बड़ा बस हादसा, 7 यात्रियों की मौत कई घायल
अक्षय तृतीया पर श्री महाकालेश्वर को 22 लाख का महाभोग: पुणे के परिवार ने अर्पित किए 1250 किलो हापुस आम और 1250 ग्राम केसर
मौसम विभाग ने 15 राज्यों में तूफानी बारिश के साथ आंधी चलने व कई राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट किया जारी