योगी 2.0 सरकार की शपथ पूरी हो गई है। योगी ने दूसरी बार सीएम पद की शपथ ली। इसके बाद केशव मौर्य और बृजेश पाठक ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। फिर 50 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। कुल 52 सदस्यीय मंत्रिमंडल में 16 कैबिनेट, 14 स्वतंत्र प्रभार और 20 राज्य मंत्री हैं। पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा, श्रीकांत शर्मा, सतीश महाना, मोहसिन रजा समेत पिछली सरकार के 20 मंत्रियों को इस सरकार में जगह नहीं मिली है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अटल स्टेडियम पहुंचे। पीएम के स्टेडियम पहुंचने के महज 2 मिनट के अंदर शपथ समारोह शुरू हुआ। कई विधायकों ने मंत्रीपद की शपथ लेने के बाद भारत माता जय के नारे लगाए।
पहले बात 2 डिप्टी सीएम और 18 कैबिनेट मंत्रियों की-
योगी आदित्यनाथ – सीएम, लगातार दूसरी बार बने।
केशव मौर्य – डिप्टी सीएम, दूसरी बार
बृजेश पाठक – डिप्टी सीएम, पिछली सरकार में कानून मंत्री थे, ब्राह्मण चेहरा
सुरेश कुमार खन्ना – कैबिनेट मंत्री. शाहजहांपुर से 9वीं बार विधायक बने हैं, पिछली कैबिनेट में वित्त मंत्री थे।
सूर्य प्रताप शाही – पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पिछली सरकार में कृषि मंत्री थे।
स्वतंत्र देव सिंह – प्रदेश अध्यक्ष, पिछली सरकार में भी मंत्री थे, संगठन और योगी के खास।
बेबी रानी मौर्य – उत्तराखंड में राज्यपाल रह चुकी हैं। दलित चेहरा हैं।
लक्ष्मी नारायण चौधरी – मथुरा से विधायकए जाट नेता, पहले बसपा में थे।
जयवीर सिंह – मैनपुरी से जीतकर आए हैं।
धर्मपाल सिंह – रुहेलखंड के आंवाला से विधायक हैं। पिछली सरकार में सिंचाई मंत्री थे।
नंद गोपाल नंदी – प्रयागराज से विधायक हैं। पिछली सरकार में भी मंत्री थे। बिजनेसमैन भी हैं। सबसे अमीर मंत्रियों में भी इनका नाम शुमार है।
भूपेद्र चौधरी – बिजनौर से आते हैं, पिछली सरकार में पंचायती राज मंत्री थे।
अनिल राजभर – शिवपुर से विधायक हैं। पिछली सरकार में भी मंत्री थे। पहले सपा सरकार में थे।
जितिन प्रसाद – ब्राह्मण चेहरा, एक साल पहले कांग्रेस से भाजपा में आए थे।
राकेश सचान – कानपुर देहात जिले की भोगनीपुर सीट से विधायक हैं। पहली बार मंत्री बने हैं।
अरविंद कुमार शर्मा – मोदी के खास ब्यूरोक्रेट्स में शुमार। आईएएस की नौकरी छोड़कर 2 साल पहले राजनीति में आए थे। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं।
योगेंद्र उपाध्याय – आगरा दक्षिणी से विधायक हैं। लगातार तीसरी बार चुनाव जीता है।
आशीष पटेल – केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के पति हैं। अपना दल एस के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। फिलहाल एमएलसी हैं।
संजय निषाद – निषाद पार्टी के अध्यक्ष हैं। एमएलसी हैं। निषाद जातियों पर अच्छी पकड़ है।
