April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

मुख्यमंत्री योगी सुनते तो दिल्ली नहीं जाना पड़ता: ओम प्रकाश राजभर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार और उसके सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के बीच अभी कोई सुलह होती नजर नहीं आ रही है। दोनों के बीच विरोध लगातार बढ़ता ही जा रहा है। अपने बयानों से पहले भी कई बार उत्तर प्रदेश सरकार को असहज कर चुके कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनकी बात सुनते तो उन्हें बार-बार दिल्ली जाकर बीजेपी आलाकमान से मुलाकात ना करनी पड़ती। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया राजभर ने राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर गठबंधन धर्म नहीं निभाने का आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि उनकी पार्टी भाजपा के साथ बने रहने पर पुनःविचार कर सकती है।
राजभर ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह जब 10 अप्रैल को लखनऊ आएंगे तो मैं उनके साथ विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करूंगा और उसके बाद अपनी पार्टी के आगे के कदम के बारे में निर्णय करूंगा। उन्होंने कहा कि यदि शाह एसबीएसपी की ओर से उठाये गए मुद्दों पर सहमत नहीं होते हैं तो पार्टी गठबंधन पर पुनर्विचार करेगी।

Share to...