November 22, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

महाराष्ट्र : अजित पवार बने गेम चेंजर और घड़ी के बांटों से कैसे बनी बीजेपी की सरकार, पढ़े

सुबह 8 बजे महाराष्ट्र की सियासी तस्वीर बदल गई थी। बीजेपी के देवेंद्र फडणवीस फिर से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बन गए थे। एनसीपी विधायक दल के नेता अजित पवार उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले चुके थे। यह महाराष्ट्र में अभी तक का सबसे बड़ा सियासी उलट.फेर था, रातों रात सरकार की तस्वीर साफ कर दी थी। महाराष्ट्र में 12 नवंबर से चला आ रहा राष्ट्रपति शासन समाप्त हो गया था।
महाराष्ट्र की सियासी उठापठक पर कई सवाल खड़े हुए, जिसकी जानकारी अब निकल कर बाहर आ रही है। कांग्रेस और शिवसेना के नेता आराम करते रह गए और राज्य में सरकार बनने की पूरी कहानी लिख दी गई। कहानी की शुरुआत रात 11ः45 बजे से शुरू होती है, जब अजित पवार बीजेपी के साथ डील पर मुहर लगाते हैं। इसकी सूचना पार्टी प्रमुख को देवेंद्र फडणवीस देते हैं और शपथ ग्रहण की तैयारी की जानकारी कांग्रेस और शिवसेना को ना हो इसका इंतजाम करते हैं। इससे पहले राज्यपाल दिल्ली की अपनी यात्रा रद्द कर चुके थे। रात 2 बजे के करीब राज्यपाल के सचिव को बहुमत की जानकारी दी जाती है और यह अनुरोध किया जाता है कि राष्ट्रपति शासन हटाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाए। राज्यपाल सचिव की तरफ से कहा जाता है कि 2 घंटे में राष्ट्रपति शासन हटाने की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। सुबह 7ः30 बजे तक शपथग्रहण की व्यवस्था हो जाएगी।
इस बीच रात 1ः45 बजे से लेकर सुबह 9 बजे तक अजित पवार बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस के साथ ही रहे और शपथ ग्रहण होने तक नहीं गए। सरकार बनाने के लिए सुबह 5ः30 बजे देवेंद्र फडणवीस और एनसीपी विधायक दल के नेता अजित पवार राजभवन पहुंचे और बहुमत का आंकड़ा पेश किया। राज्यपाल की ओर से राष्ट्रपति शासन हटाने की अधिसूचना जारी कर दी गई, लेकिन इसकी घोषणा सुबह 9 बजे हुई। सुबह 7ः50 बजे शपथ ग्रहण शुरू हो गया। बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली, उसके बाद एनसीपी विधायक दल के नेता अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
सुबह 8ः16 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ट्वीटर के जरिए बधाई दी। इसके बाद शिवसेना नेता संजय राउत की प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई और उन्होंने सारी कहानी के लिए अजित पवार को दोषी के रूप में पेश किया। संजय राउत ने कहा कि अजित पवार पर पहले से ही संदेह था। रात की बैठक में वो आंख मिलाकर बात नहीं कर रहे थे, जिसके मन में गलत करने की बात होती है। उसकी बॉडी लैग्वेंज दिखने लगती है। रात के अंधेरे में ही पाप किए जाते हैं। संजय राउत ने कहा कि अजित पवार ने महाराष्ट्र की जनता और शिवाजी महाराज के विचारों के साथ विश्वासघात किया है। शरद पवार के साथ धोखा किया है।
वहीं बीजेपी नेता का कहना था कि शिवसेना जनता के जनादेश के साथ छल कर रही थी। जनता ने गठबंधन को जनादेश दिया था लेकिन ये कांग्रेस के साथ गठबंधन बनाने की कोशिश कर रहे थे। यह जनादेश का अपमान था। राज्य को एक स्थिर सरकार की जरूरत है जो कांग्रेस नहीं दे सकती है।
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिवसेना पर तंज कसते हुए कहा कि महाराष्ट्र में शिवसेना की हालत तो यह हो गई है कि ना खुदा मिला ही ना विसाले सनम। ना इधर के रहे ना उधर के।

Share to...