April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

महाकाल भक्तों के लिए बड़ी सौगात, मीटिंग में तय हुआ कैसे मनेगा गणेश उत्सव, होटल के लिए नियम तय

विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में कोरोनावायरस के चलते दर्शन व्यवस्था में कई बदलाव किए गए हैं। एक बार फिर प्रदेश के बाहर के श्रद्धालुओं को भी दर्शन अनुमति दी जाएगी। दर्शन एप पर ऑनलाइन बुकिंग से ही होंगे।

गणेश उत्सव के दौरान गणेश प्रतिमा की स्थापना सार्वजनिक स्थानों पर प्रतिबंधित रहेगी। श्रद्धालु अपने घर में प्रतिमा की स्थापना कर पूजन-अर्चन कर सकेंगे। इसी तरह मोहर्रम का जुलूस भी नहीं निकाला जाएगा। उक्त निर्णय आज सर्किट हाउस पर आयोजित जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में लिए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रति रविवार को होने वाले लॉकडाउन में दूध डेयरी एवं दूध विक्रय की दुकानों को खोलने की अनुमति प्रदान की जाए। इसी तरह श्री महाकालेश्वर मंदिर के आसपास के विश्राम गृह एवं होटलों में प्रवेश द्वार पर ही मालिक के नाम और उनके उनके मोबाइल नंबरों का प्रदर्शन अनिवार्य किया जाए। इसी तरह कालभैरव मंदिर के बाहर प्रसाद के रूप में की जा रही मदिरा की अवैध बिक्री पर रोक लगाने का निर्णय भी लिया गया।

बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक पारस जैन, महापौर मीना जोनवाल, नगर निगम अध्यक्ष सोनू गहलोत, कलेक्टर आशीष सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज सिंह, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंकित अस्थाना, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी बिदिशा मुखर्जी, श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक एसएस रावत, विवेक जोशी, बहादुरसिंह बोरमुंडला, जगदीश अग्रवाल, इकबालसिंह गांधी और शिवा कोटवानी आदि मौजूद थे।

Share to...