मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में एक दलित बलात्कार पीड़िता की शिकायत दर्ज नहीं करने के आरोप में एक पुलिसकर्मी को शुक्रवार की रात को गिरफ्तार किया गया है। एक शीर्ष अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस गंभीर चूक का संज्ञान लेने के बाद स्थानीय पुलिस अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश शुक्रवार को दिए थे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के आदेश पर दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जिले से हटा दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि 4 दिन पहले तीन लोगों ने 32 वर्षीय एक विवाहित दलित महिला से कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया था। इसके बाद महिला ने शुक्रवार को अपने घर में फांसी लगाकर ख़ुदकुशी कर ली थी। भोपाल में एक अधिकारी ने बताया कि नरसिंहपुर से लगभग 50 किलोमीटर दूर गाडरवारा तहसील में गोटितोरिया पुलिस चौकी के सहायक उप निरीक्षक मिश्रीलाल कोड़पे के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश मुख्यमंत्री ने दिया था क्योंकि कोड़पे ने घटना के बाद पीड़िता की शिकायत दर्ज नहीं की थी।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही मुख्यमंत्री के आदेश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश तिवारी और गाडरवारा के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी एसआर यादव को नरसिंहपुर जिले से बाहर स्थानांतरित कर दिया गया है। जबलपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक भगवंत सिंह चौहान ने शनिवार को बताया कि कोड़पे के खिलाफ भादंवि की धारा 166 सी के तहत मामला दर्ज उसे शुक्रवार रात को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें पीड़िता का पति पुलिस ने बलात्कार की शिकायत दर्ज नहीं करने का आरोप लगाते हुए दिखाई दे रहा था। इस वीडियो ऑडियो में पीड़िता का पति कथित तौर पर यह कहते भी सुनाई दे रहा था कि उसकी शिकायत पर कार्यवाही करने के बजाय, मामले में आरोपी की शिकायत पर उसे हिरासत में रखा गया और स्वयं की रिहाई के लिए उसे 50 हजार रुपये रिश्वत में खर्च करने पड़े।
नरसिंहपुर के पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि सोमवार को पीड़िता के साथ सामूहिक बलात्कार करने वाले तीन आरोपियों की पहचान अरविंद चौधरी, परसू चौधरी और अनिल राय के तौर पर की गयी है। इसमें से अरविंद और परसू पीड़ित महिला के समुदाय से ही हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने उस महिला के सोमवार को तब कथित तौर पर बलात्कार किया जब वह मवेशियों के लिये अपनी दो भतीजियों के साथ घास काटने के लिये खेत में गई थी।

More Stories
होर्मुज में भारतीय जहाज पर गोलीबारी के बाद भारत ने ईरानी राजदूत को किया तलब, दर्ज कराया विरोध
राज्यमंत्री श्रीमती गौर का सख्त रुख: लापरवाही पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा का किया शुभारंभ,19 को गंगोत्री यमुनोत्री, 22 को केदारनाथ व 23 को बद्रीनाथ के खुलेंगे कपाट