April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

भयानक सड़क हादसे में पावर लिफ्टिंग के 4 खिलाड़ियों की मौत, वर्ल्ड चैंपियन की हालत गंभीर

रविवार को दिल्ली के अलीपुर इलाके में सिंधु बॉर्डर के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 2 बार के पावर लिफ्टिंग के वर्ल्ड चैंपियन सक्षम यादव और उनका एक दोस्त बुरी तरह घायल हो गया, जबकि उनके 4 साथी खिलाड़ियों की मौत हो गई। स्विफ्ट डिजायर कार की हालत ये बताने के लिए काफी है कि हादसा कितना भयानक हुआ होगा। कार में सवार पावर लिफ्टिंग के 6 युवा खिलाड़ी दिल्ली से पानीपत की तरफ जा रहे थे, तभी दिल्ली के सिंधु बॉर्डर के नजदीक सुबह करीब 4 बजे कार का संतुलन बिगड़ गया और यह डिवाइडर से टकराकर कई बार पलटी और फिर एक खंभे से जा टकराई। इस हादसे में 4 खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि 2 बुरी तरह घायल हो गए। घायलों में एक सक्षम यादव और उनका दोस्त बाली है। सक्षम 2016 में पावर लिफ्टिंग में जूनियर कैटेगरी में गोल्ड मेडल, जबकि 2017 में सीनियर कैटगरी में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। सक्षम की हालत गंभीर है। उनके सिर में गहरी चोट है और खून भी काफी ज्यादा बह चुका है। फिलहाल उनका एम्स ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
जिन युवा खिलाड़ियों की मौत हुई, उनमें तिमारपुर के रहने वाले टीकमचंद, हरीश, योगेश और सौरभ हैं। अपनों की मौत की खबर सुनकर सभी के घरवाले बदहवास होकर अस्पताल पहुंचे। घरवालों के अनुसार शनिवार को बाली का जन्मदिन था और उसको मनाकर ये लोग खाना खाने मुरथल की तरफ जा रहे थे। योगेश के पिता का कहना है कि उन्हें ये खबर सुबह मिली। पुलिस के अनुसार हादसे के वक्त कार की स्पीड काफी ज्यादा थी। पुलिस को कार से शराब की बोतल और ग्लास भी मिली है।

Share to...