April 17, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

बिजनौर में आत्मदाह करने पहुंचे किसानों पर लाठीचार्ज

2 चीनी मिलों से पिछले पेराई सत्र का 62 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य भुगतान दिलाने की मांग को लेकर आजाद किसान यूनियन से जुड़े किसानों ने सोमवार को डीएम दफ्तर के सामने चिता सजाकर आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिस ने किसानों पर पानी की बौछार की और दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसमें 50 से ज्यादा किसान घायल हो गए हैं जबकि 10 को हिरासत में लिया गया है।
लाठीचार्ज के दौरान गिरने से एसपी सिटी लक्ष्मी निवास भी घायल हो गए। जिले में वेव ग्रुप की बिजनौर एवं चांदपुर चीनी मिल पर किसानों का पिछले पेराई सत्र का करीब 62 करोड़ रुपये गन्ना भुगतान बकाया है। 3 फरवरी तक भुगतान न होने पर कलक्ट्रेट में आत्मदाह का एलान किया था। रविवार को प्रशासनिक अफसरों और किसान नेताओं के बीच वार्ता बेनतीजा रही। किसान सोमवार सुबह 11 कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम दफ्तर के सामने लकड़ी की चिता सजानी शुरू कर दी। लकडियां छीनने के प्रयास में पुलिस व किसानों में धक्का-मुक्की हुई। इसी बीच कुछ किसानों ने कई गर्म चादर एक जगह रखकर आग लगा दी।
पुलिस ने पानी की बौछार की तो किसान और भड़क गए। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। किसान भी लकड़ियों से मुकाबला करने लगे।

Share to...