भिंड: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज संत रविदास जयंती 5 फरवरी से प्रदेश में विकास यात्रा का आगाज किया है। प्रदेश के भिंड जिले में कार्यक्रम आयोजन किया गया। मंच से हरी झंडी दिखाकर 5 विकास रथों को प्रदेश के लिए रवाना किया, जिसका उद्देश्य मध्य प्रदेश की जनता के लिए किए गए विकास कार्यों को दिखाना उनको सरकार की उपलब्धियां बताना है साथ ही लोगों को योजनाओं का लाभ भी दिलवाना है।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत भिंड पहुंचे। जहां पर उन्होंने हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत दिए जाने वाले लाभों की पर्चियों का वितरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संत रविदास जयंती के अवसर पर विकास रथों को भी हरी झंडी दिखाई। कुल 5 विकास रथ भिण्ड से निकलकर पूरे प्रदेश में भाजपा सरकार के विकास गाथाओं को विकास यात्रा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाएंगे।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के साथ ही केंद्र की मोदी सरकार की जमकर तारीफ की। और कांग्रेस को जमकर आड़े हाथों लिया।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने भाषण की शुरुआत संत रविदास को नमन करते हुए उनके दोहे से की। उन्होंने रविदास जी को अद्भुत संत बताते हुए कहा कि उनको ही देखते हुए मध्यप्रदेश की और केंद्र की मोदी सरकार भी संकल्प गरीब कल्याण ही है। रविदास जी ने कहा था इस काहू राज में जहां मिले सबहि को अन्न, जोग वर सब सम रहे रविदास रहे प्रसन्न। ऐसा ही भारतीय जनता पार्टी का संकल्प भी गरीब का कल्याण है। प्रदेश और केंद्र की सरकार भी गरीब के कल्याण में लगी हुई है। 38 योजनाओं को गांव गांव में शिविर लगाकर सभी हितग्राहियों के नाम जोड़ने का काम किया जायेगा।
सीएम जनसेवा योजना के अंतर्गत ग्वालियर, चंबल में साढ़े तीन लाख नए हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किये गए हैं। उन्होंने कहा कि मामा के खजाने में गरीबों के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विकास यात्रा केवल कर्मकांड नही है कि रथ लेकर निकल गए, यह विकास यात्रा जनता की जिंदगी बदलने का अभियान है।
इसके साथ ही उन्होंने एक बार फिर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के बारे में घोषणा करते हुए कहा कि लाडली लक्ष्मी की तरह ही अब लाड़ली बहना योजना के तहत बिना किसी जाति,धर्म के बंधन के प्रत्येक बहन को एक हजार रुपये प्रतिमाह दिया जायेगा। इससे सरकार पर 12 हजार करोड़ सालाना का बोझ पड़ेगा। बतौर मुख्यमंत्री आगामी 8 मार्च को महिला दिवस के अवसर पर यह योजना शुरू हो जाएगी।
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि भारत समृद्धिशाली और शक्तिशाली राष्ट्र बन चुका है। एक समय था जब छोटे छोटे से देश भी हमें डराते थे, लेकिन नरेंद्र मोदी ने कह दिया कि हम किसी को छोड़ेंगे नहीं लेकिन हमें किसी ने छेड़ा तो उसे छोड़ेंगे नहीं। आज मोदी जी के नेतृत्व में भारत पूरी दुनिया में शान के साथ सीना ताने खड़ा हुआ है।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उन्हें गर्व होता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व कारण पूरी दुनिया भारत के पीछे आकर खड़ी हो गई है। चीन ने डोकलाम में अपनी सेना भेजी तो हमारे सैनिकों ने उनकी गर्दन तोड़कर वापस भेज दिया।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि आजतक कांग्रेस ने कोई योजना नहीं चलाई। उन्होंने भू अधिकार योजना के बारे में बताते हुए कहा कि हर व्यक्ति के पास रहने के लिए जमीन का टुकड़ा हो इसके लिए भू अधिकार योजना शुरू की गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के साथ ही कुल 38 योजनाओं के बारे में बताया।
वहीं मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई अब तक अंग्रेजी माध्यम में कराए जाने पर उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अंग्रेज तो चले गए लेकिन कांग्रेस ने अंग्रेजी जारी रखी। ऐसे में गांव के बच्चे जो अंग्रेजी नहीं जानते लेकिन बुद्धिमान हैं ऐसे बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई हिंदी में कराने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का षड्यंत्र था कि अमीरों के बच्चे ही पढ़ें और गरीब के बच्चे आगे ना बढ़ पाएं। कमलनाथ ने कर्ज माफ करने की बात कही थी। कर्जा माफ तो नहीं हुआ लेकिन कर्जा किसानों पर चढ़ और गया। शिवराज सिंह चौहान ने किसानों का कर्जा माफ करने की घोषणा भी मंच से की।
उन्होंने विकास यात्रा के बारे में कहा कि यह केवल विकास यात्रा नहीं बल्कि जनता को जिंदगी को बदलने की पूरी कोशिश करेगी। यह केवल विकास यात्रा नहीं बल्कि जन कल्याण और गरीबों के कल्याण की योजना भी है। इसके जरिये किसी भी योजना में छूटे हुए हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के कार्य भी किये जायेंगे।
इसके साथ ही उन्होंने भिण्ड में मेडिकल कालेज स्वीकृत कराए जाने और भिण्ड नगरपालिका को नगरनिगम बनाये जाने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सहकारिता मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया, राज्य मंत्री ओ पी एस भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष, विधायक, सांसद, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक सहित तमाम नेता मंच पर आसीन रहे।

More Stories
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा का किया शुभारंभ,19 को गंगोत्री यमुनोत्री, 22 को केदारनाथ व 23 को बद्रीनाथ के खुलेंगे कपाट
पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल ने द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, नीरज चोपड़ा ने भी किया समर्थन
आबकारी इंदौर की अवैध मदिरा परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई, 55 हजार रुपये से अधिक कीमत की मदिरा और वाहन जप्त