देश के 5 राज्यों में असेंबली चुनाव खत्म होने के बाद से पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी का सिलसिला लगातार जारी है। तेल कंपनियों ने बुधवार सुबह से फिर तेल के दाम बढ़ाने की घोषणा की है। तेल कंपनियों की ओर से मंगलवार रात की गई घोषणा के अनुसार पेट्रोल और डीजल के दाम 80-80 पैसे बढ़ा दिए गए हैं। कीमत में यह बढ़ोतरी बुधवार सुबह 6 बजे से लागू मानी जाएगी।
पेट्रोल-डीजल के दाम में 9 दिनों में 8 बार बढ़ोतरी हो चुकी है। देशभर में 22 मार्च से अब तक पेट्रोल-डीजल के दाम 5.60 रुपये तक महंगे हो चुके हैं। नई बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 30 मार्च को पेट्रोल 101.01 और डीजल 97.27 रुपये प्रति लीटर के दाम पर मिलेगा। पेट्रोल-डीजल के दाम में हो रही बढ़ोतरी पर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। विपक्ष का कहना है कि महंगाई ने देश के हर घर का बजट बिगाड़कर रख दिया है। वहीं केंद्र सरकार का दावा है कि रूस-यूक्रेन जंग की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिसके चलते भारत में भी तेल की कीमतों में इजाफा हो रहा है।
