April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

पुलवामा के बाद पाक सेना का भारत को यह जवाब

पाकिस्तानी सेना ने पुलवामा हमले के बाद शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के डीजी मेजर जनरल आसिफ गफूर ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत की और जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए हमले पर सेना का रुख स्पष्ट किया। गफूर ने कहा कि हम जंग के लिए तैयार नहीं हो रहे, लेकिन भारत इसकी धमकी दे रहा है। डीजी गफूर ने कहा कि पाकिस्तान जंग की शुरुआत करने में नहीं लगा है लेकिन अगर दूसरी तरफ से युद्ध थोपा जाता है तो हम इसका माकूल जवाब देंगे।
गफूर ने कहा कि ऐसा कैसे हो सकता है कि एलओसी पार करके कोई पुलवामा पहुंच जाए जहां उनके सुरक्षा बल मौजूद हैं। अगर ऐसा हुआ तो उनकी फोर्स वहां 70 साल से है, फिर तो उन्हें अपने फोर्स से सवाल पूछना चाहिए। उन्होंने इतने सालों से वहां पर इतना पैसा बर्बाद किया है। जिस गाड़ी से हमला हुआ वह पाकिस्तान से नहीं गई। जिसने हमला किया वह वहीं का लड़का है, उसकी हिस्ट्री देखिए। वह 2007 में गिरफ्तार हुआ था।
डीजी गफूर ने अपने देश के बारे में कहा कि हम बहुत मुश्किल से यहां पहुंचे हैं। हमने अफगानिस्तान में अल कायदा के खिलाफ कामयाबी हासिल करने में अंतरराष्ट्रीय सेनाओं की मदद की। हमारे पीएम ने भारत को वो ऑफर दिया है जो पहले कभी किसी ने नहीं दिया। इससे पहले ऐसा नहीं हुआ। पाकिस्तान जब भी चर्चा के लिए कहता था तो भारत कहता था कि पहले आतंकवाद पर बात होगी। हमारे प्रधानमंत्री ने कहा कि हां, आइए इस पर बात कीजिए।

Share to...