April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

जीत के बाद गवर्नर से मिले योगी आदित्यनाथ, दिया इस्तीफा

उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव भारी जीत दर्ज करने के बाद अब बीजेपी ने सरकार गठन की तैयारी शुरू कर दी है। चुनाव नतीजों के बाद योगी आदित्यनाथ ने गवर्नर आनंदीबेन पटेल से मुलाकात कर मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा उन्हें सौंप दिया है। इसके बाद जल्द ही वह यूपी में सरकार बनाने का दावा भी पेश कर सकते हैं। राज्यपाल से मुलाकात करने से पहले सीएम योगी ने अपने कार्यकाल की आखिरी कैबिनेट मीटिंग की अध्यक्षता की। इसके बाद वह सीधे राजभवन के लिए रवाना हो गए थे।

उत्तर प्रदेश की 403 विधान सभा सीटों में से बीजेपी गठबंधन ने 273 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर विधान सभा सीट पर करीब एक लाख से ज्यादा मतों से चुनाव जीते हैं। हालांकि, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य कौशांबी जिले की सिराथू सीट पर 7 हजार से ज्यादा वोटों से चुनाव हार गए।

मुख्य विपक्षी दल सपा ने 111 सीटों पर जीत दर्ज की है। सपा की सहयोगी आरएलडी ने 8 और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मैनपुरी जिले की करहल सीट पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार प्रोफेसर एस पी सिंह बघेल को 67 हजार से ज्यादा वोटों से पराजित कर दिया है।

Share to...