April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

जीएसाटी को लागू होने में वक्त था, अवैध वसूलीदार पहले आ गए, गिरफ्तार

अभी लोग जीएसटी के नाम पर हंगामा ही कर रहे है अब तक लागू हुआ नहीं और धोखाधड़ी भी शुरू हो गई। कहा जाता है कि भारत में हर चीज के रास्ते है वहीं हाल जीएसटी के साथ हुआ, लागू हुआ नहीं और लूटेरे पहले आ गए। ऐसा ही हुआ इंदौर में जहां जीएसटी के नाम पर 3 शातिरों ने फर्जी अधिकारी बनकर ट्रकों से अवैध वसूली शुरू कर दी। बता दें कि गुड्स एंड सर्विस टैक्स शुक्रवार रात 12 बजे से पूरे देश में लागू होने जा रहा है।
इसी जीएसटी के नाम पर इंदौर में 3 जालसाजों ने मालवाहक ट्रकों से वसूली शुरू कर दी। मनीष, आदित्य और राकेश नाम के ये तीनों शातिर मारूति कार से तेज नगर चौराहे पर पेट्रोल पंप के पास पहुंचे। वहीं उन्होंने कार खड़ी कर प्लाईवुड लेकर जा रहे एक ट्रक को रोक लिया। ट्रक इंदौर से खंडवा जा रहा था। आरोप है कि इन तीनों ने खुद को जीएसटी अधिकारी बताते हुए ट्रक ड्राइवर हमीद खान को धौंस देना शुरू कर दिया। पहले उन्होंने गाड़ी के कागज और बिल्टी मांगी।
हमीद खान के अनुसार उसने सारे कागज दिखा दिए। फिर तीनों शातिरों ने हमीद खान से जीएसटी पेपर दिखाने को कहा। हमीद खान ने ऐसे कागज के बारे में पहली बार ही सुना। हमीद ने कहा कि वो क्या होता है? तो तीनों शातिर बोले कि तुम्हें पता नहीं कि आज रात से जीएसटी लागू हो रहा है, उसके पेपर कहां हैं। जब हमीद खान ने कहा कि वो पेपर तो उसके पास नहीं हैं। इस पर हमीद खान से 1000 रुपये की मांग की जाने लगी। जब हमीद खान ने कहा कि इतने पैसे तो उसके पास हैं नहीं तो वो 500 रुपए ही मांगने लगे।
शातिर शराब के नशे में लग रहे थे। जब ये सब चल रहा था तो पास से गुजर रहे किसी शख्स ने ये देख पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही तीनों भागने लगे। एक को तो पुलिस ने दबोच लिया लेकिन 2 कार में सवार होकर भाग गए। पुलिस ने पीछा किया और करीब 5 किलोमीटर तक रेस लगाने के बाद दोनों को पकड़ लिया।

Share to...