April 20, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

जम्मू-कश्मीर में आगर जवान शहीद, गर्भवती है पत्नी

जम्मू-कश्मीर में आगर जिले के कानड़ निवासी जवान अरुण शर्मा शहीद हो गए। अरुण शर्मा 990 फील्ड रेजीमेंट लाइंस नायक के पद पर पदस्थ थे। शनिवार को कुपवाडा क्षेत्र में उन्हें गोली लगी थी। 24 वर्षीय अरुण की शादी 4 महीने पहले उज्जैन के गुराडिया निवासी शिवानी शर्मा से हुई थी। अरुण की पत्नी फिलहाल गर्भवती है और मायके में हैं। उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी गई है।

कानड़ में अयोध्या बस्ती, शिव पहाड़ी निवासी अरुण के पिता मनोहर लाल शर्मा शिक्षक हैं, वहीं उनका छोटा भाई शिव शक्ति शर्मा एयरफोर्स में है। जिसकी वर्तमान पोस्टिंग बेलगांव में ऑटो टेक्निकल शाखा में सामरा सेंटर पर है। अरुण के पिता मनोहरलाल के दोस्त कन्हैया लाल परमार ने बताया कि अरुण दिसंबर में शादी के लिए लंबी छुट्टी पर आया था।

उसने शादी के दौरान एडवांस छुट्टी ले ली थी, जिसके कारण अभी आने का कोई फिक्स नहीं था। शहादत की सूचना मिलने के बाद परिजन, रिश्तेदार और उनके मिलने वाले गमगीन हैं। वे अरुण का पार्थिव शरीर आने का इंतजार कर रहे हैं। परिजनों ने अब तक अरुण की पत्नी और मां को उनके शहीद होने की जानकारी नहीं दी है। पिता बदहवास हालत में हैं, प्रशासन सोमवार को होने वाले अंतिम संस्कार के लिए तैयारी में जुटा है। सांत्वना देने आ रहे लोगों के लिए समीप कृषि उपज मंडी कानड़ में बैठने की व्यवस्था की गई है।

Share to...