April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

गुजरात चुनाव : पहले चरण का मतदान समाप्त, 68 प्रतिशत हुई वोटिंग

अहमदाबाद। गुजरात चुनाव के पहले चरण की प्रक्रिया शांतिपूर्ण रूप से और बिना की घटना के समाप्त हो गई। मुख्य चुनाव आयुक्त एके ज्योति ने संवाददाताओं को जानकारी देते हुए कहा कि मतदान शाम 5 बजे समाप्त हो गया।
मुख्य चुनाव आयुक्त एके ज्योति ने बताया कि पहली बार सभी विधानसभा क्षेत्रों में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का इस्तेमाल हुआ और सभी दिव्यांग वोटरों को मैप किया गया। उन्होंने कहा कि 5 बजे मतदान समाप्त हुआ और करीब 68 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई। पिछले चुनाव में 71.3 फीसदी मतदान हुआ था। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि अंतिम आंकड़े पिछली बार की बराबरी कर लेंगे। ईवीएम में खराबी पर ज्योति ने कहा कि कुछ मशीनें खराब पाई गईं जिन्हें बदल दिया गया। गुजरात में कई जगहों से ईवीएम में खराबी की खबरों पर कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत की है। इस पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हार से पहले कांग्रेस का ईवीएम का बहाना कर रही है। ब्लूटूथ के जरिए ईवीएम की हैकिंग की खबरों पर चुनाव आयोग ने कहा कि ब्लूटूथ और ईवीएम में कोई कनेक्शन नहीं है। ईवीएम मशीनों में ऐसा हो पाने के लिए ना तो रिसेप्टर्स होते हैं और न ही वायरिंग। इसलिए ऐसी खबरें गलत हैं। गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 89 सीटों के लिए मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हो गया था। इससे पहले सीएम विजय रुपाणी ने पूजा-पाठ की फिर मतदान किया और कहा कि गुजरात में बीजेपी के सामने कोई चुनौती नहीं।

Share to...