April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

गुजरात की अदालत में घुसा तेंदुआ, मच गई भगदड़

गुजरात के अहमदाबाद में स्थानीय अदालत में शुक्रवार दोपहर कामकाज के दौरान तेंदुआ घुसा आया। जिससे यहां भगदड़ मच गई। इस दौरान अदालत में काम कर रहे 2 कर्मचारी भी फंस गए। सूचना पाते ही राजकोट और गांधीनगर वन विभाग की टीम पहुंच गई। करीब 6 घंटे के सर्च के बाद तेंदुए के पकड़े जाने से लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार सुरेन्द्रनगर जिले के मशहूर तीर्थस्थल चोटिला में स्थित स्थानीय अदालत में दोपहर 12 बजे अचानक तेंदुआ घुस गया, जिससे अफरातफरी मच गई। सूचना पाते ही स्थानीय पुलिस सहित राजकोट और गांधीनगर वन विभाग की टीम भी आ पहुंची। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कोर्ट से थोड़ी दूर पर ठाकर और मांडव जंगल है। तेंदुआं यहीं से आया था।
वन विभाग के अनुसार जिस समय तेंदुआ कोर्ट में घुसा उस समय काफी लोग उपस्थित थे। तेंदुए को देख लोगों में भगदड मच गई। इस दौरान कोर्ट में काम करते 2 कर्मचारी भी फंस गए। दोनों कर्मचारियों को सही सलामत बाहर निकाला गया है। करीब 4 घंटे के सर्च के बाद कोर्ट के पीछे की दिवार के पास तेंदुए को देखा गया। वन कर्मियों ने फायरिंग कर तेंदुएं को बेहोश करने के बाद पिजंरे में बंद किया। तेंदुए को पिंजरे में कैद होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इस कार्यवाही के दौरान कोर्ट का कामकाज ठप रहा।
गौरतलब है कि इन दिनों गुजरात में तेंदुए का आतंक बढ़ गया है। एक महीने पहले भी राज्य की राजधानी गांधीनगर सचिवालय में भी तेंदुआ घुस गया था, जिसे पकड़ने के लिए वन विभाग को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। गांधीनगर साबरमती नदी के किनारे भी तेंदुए के पैरो के निशान मिले थे, वहीं कुछ दिनों पहले ही गोधरा और दाहोद में कई लोगों को मौत के घाट उतारने वाले 2 तेंदुओं को वन विभाग द्वारा पकड़ा गया था।

Share to...