गोवा में कोरोना वायरस से संक्रमित सभी सातों मरीज ठीक हो चुके हैं और सभी को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने रविवार को कहा कि इसी के साथ अब गोवा में कोरोना का कोई एक्टिव मरीज नहीं है मतलब गोवा कोरोना से मुक्त हो गया है। राणे ने कहा कि सातों मामलों में अंतिम मरीज 3 अप्रैल को सामने आया था। सभी का इलाज किया गया और रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई।
मंत्री राणे ने ट्वीट किया कि हमें यह घोषणा करते हुए गर्व का अनुभव हो रहा है कि गोवा में अब कोरोना वायरस संक्रमण को सक्रिय मामलों की संख्या शून्य हो गई है। उन्होंने कहा कि अब जबकि राज्य में कोरोना का एक भी एक्टिव मामला नहीं है, यह हमारी जिम्मेदारी है कि लॉकडाउन का पालन करते रहें, सामाजिक दूरी बनाए रखें, जांच की दायरा बढ़ाएं और केंद्र व राज्य सरकार द्वारी जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
राणे ने चिकित्सकों को धन्यवाद कहा कि उन्होंने ऐसे समय में आगे आकर राज्य में कोरोना के प्रसार को रोकने में सफलता पाई। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, मुख्य सचिव परिमल राय और स्वास्थ्य सचिव नीला मोहनन को भी धन्यवाद कहा। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ पूरी दुनिया में जारी इस जंग में गोवा एकजुट है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार गोवा में इस वायरस के लिए 758 लोगों की जांच की गई थी।
भारत में अब तक इस जानलेवा वायरस से संक्रमण के 16116 मामले सामने आ चुके हैं। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1324 नए मामले सामने आए हैं और 31 लोगों की मौत हुई है। कुल 519 लोगों की मौत हो चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार देश के कुल 2302 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

More Stories
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय कार्यपरिषद सदस्य डॉ. कुशवाह ने जन्मदिवस के अवसर पर सबसे पहले स्व गणना पोर्टल पर स्व गणना की
किसानों को गेहूँ विक्रय के लिये 30 अप्रैल तक स्लॉट बुकिंग की सुविधा : मंत्री राजपूत
CrPI सिस्टम/MCU के प्रभावी संचालन हेतु राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित