April 17, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

कारोबारी विजय माल्या को कोर्ट से नहीं मिली राहत

सुप्रीम कोर्ट ने फरार कारोबारी विजय माल्या की याचिका पर प्रवर्तन निदेशालय को नोटिस जारी कर दिया लेकिन मुंबई की विशेष अदालत में चल रहे मामले की कार्यवाही पर रोक लगाने से इन्कार कर दिया। मुंबई की कोर्ट में उसके खिलाफ भगोड़ा आर्थिक अपराधी करार देने के मामले की सुनवाई चल रही है।
मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई और जस्टिस एसके कौल ने माल्या की याचिका पर जांच एजेंसी से जवाब मांगा है। ईडी ने विशेष कोर्ट में भगोड़ा आर्थिक अपराधी अधिनियम 2018 के तहत लंदन में मौजूद उद्योगपति को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने का मामला दायर किया है।
शीर्ष कोर्ट ने माल्या की याचिका पर नोटिस तो जारी किया, लेकिन मुंबई की अदालत में चल रहे मामले की कार्यवाही पर रोक लगाने से इन्कार कर दिया। हाल ही में बांबे हाई कोर्ट ने माल्या की अपील ठुकरा दी थी। इसके बाद उद्योगपति ने शीर्ष कोर्ट में इस आदेश को चुनौती दी है। विशेष कोर्ट ने 30 अक्टूबर को माल्या की अर्जी ठुकरा दी थी। इसके बाद शराब कारोबारी हाई कोर्ट पहुंचा था।

Share to...