April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

कश्मीर में खुलेंगे सिनेमाघर, होगा कैमरा और एक्शन, मिलेगा रोजगार

कश्मीर को बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग का हब बनाने के सरकारी प्रयास तेज हो चुके हैं। साथ ही कश्मीर के बंद पड़े सिनेमाघरों को भी जल्द खोले जाने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि इसी साल यह प्रयास रंग लाते दिखेंगे। इसका सबसे अधिक लाभ स्थानीय युवाओं को देने का खाका बन चुका है।

बीते दिनों केंद्र सरकार के आउटरीच कार्यक्रम में कश्मीर दौरे पर पहुंचे गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी ने घोषणा की थी कि कश्मीर को फिल्म उद्योग के जरिये भी रोजगार मुहैया कराया जाएगा। उपराज्यपाल के सलाहकार फारूक खान मुंबई का दौरा कर फिल्म निर्माताओं को जम्मू कश्मीर आने का न्योता दे चुके हैं।

कौशल विकास एवं उद्यमिता मामलों के केंद्रीय राज्यमंत्री मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय ने भी जनवरी में कश्मीर दौरे पर स्थानीय युवाओं को फिल्म निर्माण से जुड़ी विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षित करने का यकीन दिलाया। उनके आश्वासन के बाद केंद्रीय मंत्रालय से जुड़े 2 वरिष्ठ अधिकारी कश्मीर घाटी का दौरा भी कर चुके हैं। उन्होंने उत्तरी कश्मीर में सेना द्वारा संचालित कौशल विकास केंद्र का भी दौरा किया जहां स्थानीय युवक फिल्म निर्माण से जुड़े काम सीख रहे हैं।

Share to...