April 17, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

कमलनाथ ने नेता प्रतिपक्ष पद से दिया इस्तीफा, गोविंद सिंह को मिली जिम्मेदारी

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उनकी जगह डॉ गोविंद सिंह नेता प्रतिपक्ष होंगे। बताया जा रहा है कि अगले साल मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस ने यह बदलाव किए हैं।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के हाथों जारी हुए पत्र में कहा गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक दल के नेता के तौर पर आपका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। पार्टी आपके योगदान की प्रशंसा करती है। कांग्रेस अध्यक्ष ने डॉ गोविंद सिंह को कांग्रेस विधायक दल का नेता बनाने के प्रस्ताव पर भी मंजूरी दे दी है।

नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद डॉ गोविंद सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मैं पहले भी विधायक था। अब भी विधायक रहूंगा। नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद कोई सुरखाब के पर नहीं लग गए हैं। मैं विपक्ष की भूमिका निभाता था और निभाता रहूंगा। सरकार की गलत नीतियों का विरोध करता रहूंगा। कमलनाथ ने इस्तीफा नहीं दिया है, बल्कि उन्होंने मुझे अपनी जिम्मेदारी में सहयोगी बनाया है। मैं उनका शुक्रगुजार हूं। उनके मार्गदर्शन में मैं विपक्ष की भूमिका निभाता रहूंगा।

Share to...