April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

एक परिवार के 11 लोगों मौत, हत्या और आत्महत्या के बीच अधूरा सुसाइड नोट

दिल्ली के बुराड़ी में एक ही परिवार के सभी 11 सदस्यों की मौत के राज से एक-एक कर पर्दा हटने लगा है। इस बीच मामले की जांच पुलिस से क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। अब तक की जांच में पता चला है कि घर के ही 3 सदस्यों ने पहले खुदकुशी की योजना बनाई थी, हालांकि बाद में तीनों व्यक्तियों ने परिवार के शेष सदस्यों की हत्या का फैसला किया। पुलिस को घर के अंदर से एक अधूरा सुसाइड नोट भी मिला है।
इन्हीं 3 सदस्यों ने रात के खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर घर के बाकी सदस्यों को बेहोश कर दिया। उसके बाद सभी के हाथ-पैर बांधे और मुंह पर पट्टी बांधकर उन्हें फांसी के फंदे पर लटका दिया। मुंह पर पट्टी इसलिए बांधी ताकि फांसी पर लटकाते समय अगर कोई सदस्य होश में आ जाए तो शोर न मचा सके।
घर की सबसे बुजुर्ग सदस्य 75 वर्षीय नारायणा की गला दबाकर हत्या की गई। बुजुर्ग महिला की हत्या के संबंध में पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का केस दर्ज कर लिया है। इस बीच परिवार के साथ ही रह रहीं नारायणा की विधवा बेटी 58 वर्षीय प्रतिभा को होश आ गया, जिसके चलते उनकी गला रेतकर हत्या कर दी गई, फिर उन्हें फांसी पर लटका दिया गया।
हत्या की साजिश रचने वाले परिवार के 3 सदस्यों ने सुसाइड नोट लिखने का फैसला किया, हालांकि बाद में उन्होंने सुसाइड नोट लिखने की योजना रद्द कर दी। पुलिस को कागज का एक टुकड़ा मिला है, जिस पर हत्या के बारे में कुछ अधूरा सा लिखा है।
जांच के लिए पहुंची फोरेंसिक टीम ने घर में तमाम जगहों के फिंगरप्रिंट ले लिए हैं। जांच दल को उम्मीद है कि जिन लोगों ने यह पूरी योजना बनाई, उन्होंने पहले घर के पालतू कुत्ते को छत पर ले जाकर बांध दिया। जांच टीम उम्मीद कर रही है कि कुत्ते के पट्टे और अधूरे सुसाइड नोट पर मिले फिंगरप्रिंट की मदद से पता चल सकेगा कि वास्तव में खुदकुशी और हत्या की यह खौफनाक योजना परिवार के किन सदस्यों ने बनाई थी। पुलिस ने मृतकों के मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं और अब उनकी कॉल रिकॉर्ड खंगाल रही है। उम्मीद है कि इन कॉल डीटेल्स की मदद से वारदात के बारे में अहम जानकारी मिल सकेगी।

Share to...