April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

इस केस से दो राज्यों की पुलिस के बीच तनातनी, कोर्ट ने दी समझाईश

सुशांत सिंह राजपूत मामले में जांच कम और 2 राज्यों की पुलिस के बीच तनातनी ज्यादा देखने को मिली है। इसी का नतीजा ये रहा कि पटना से मुंबई गई पुलिस टीम को खाली हाथ आना पड़ा और वहां जांच के लिए गए आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी को भी क्वारंटीन कर दिया गया, लेकिन अब मुंबई बीएमसी ने विनय तिवारी को छोड़ दिया है।

क्वारंटीन से मुक्त होते ही विनय तिवारी ने मुंबई पुलिस और बीएमसी पर तंज कसा है। उन्होंने दावा किया है कि उन्हें तो क्वारंटीन किया ही नहीं गया, बल्कि सुशांत मामले में हो रही जांच को क्वारंटीन किया गया। मैं तो अच्छी यादों के साथ जा रहा हूं, लेकिन इस बात में कोई दो राय नहीं कि इस रवैये की वजह से जांच पर असर पड़ा है।

मालूम हो कि विनय तिवारी की वजह से बिहार और मुंबई पुलिस के बीच तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है। बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे मीडिया के सामने अपना गुस्सा जाहिर कर चुके है। उन्होंने मुंबई पुलिस के रवैये पर सवाल खड़े कर दिए थे। वहीं बार-बार मुंबई पुलिस और बीएमसी दावा कर रही थी कि उन्होंने सिर्फ कोरोना गाइडलाइन का पालन किया था। अब वजह जो भी रही हो, लेकिन इस घटना से सुप्रीम कोर्ट भी खुश नजर नहीं आया। कोर्ट ने कहा था कि ऐसी घटनाएं जनता के बीच सही संदेश नहीं देती हैं।

अब विनय तिवारी को तो छोड़ दिया गया है लेकिन वे जिस उदेश्य से वहां आए थे वो पूरा नहीं हो पाया है। सुशांत केस में अब सीबीआई ने जांच शुरू कर दी है। एफआईआर भी दर्ज कर ली गई है और जल्द पूछताछ का सिलसिला भी शुरू कर दिया जाएगा। वहीं इस मामले में ईडी ने रिया और उनके भाई से पुछताछ की है।

Share to...