April 23, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

आग से मरने वाले छात्रों की संख्या 23 हुई, लगी कोचिंग सेंटरों पर रोक

सूरत के तक्षशिला कॉम्प्लेक्स में लगी आग की घटना में मरने वाले छात्रों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। पुलिस ने इस सिलसिले में कोचिंग सेंटर के संचालक को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बिल्डर और भवन मालिक फरार हैं। घटना से हिली सरकार ने पूरे राज्य में वाणिज्यिक भवनों में चलने वाले कोचिंग सेंटरों को बंद करने का आदेश दिया है। साथ ही सरकार ने 2 अग्निशमन अधिकारियों को भी शनिवार को निलंबित कर दिया है।
निलंबित किए गए अग्निशमन अधिकारियों में एक सूरत के डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर एसके आचार्य और अग्निशमन अधिकारी कीर्ति मोध शामिल हैं। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने पूरे मामले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति बनाई है। साथ ही उन्होंने मामले में अर्बन सेक्रेटरी से रिपोर्ट भी मांगी है। उसके आधार पर सरकार आगे की कार्यवाही करेगी। माना जा रहा है कि रिपोर्ट में कुछ और लोगों की गलती सामने आने के बाद उनके खिलाफ भी कार्यवाही होगी।
अधिकारियों ने बताया कि गुजरात के 8 नगर निगमों और अन्य नगरपालिकाओं ने वाणिज्यिक भवनों में चल रहे सभी कोचिंग सेंटरों में आग से सुरक्षा के सभी मानकों को पूरा करने के आदेश दिए हैं। इन मानकों के पूरा होने तक सभी कोचिंग सेंटरों के संचालन पर रोक रहेगी। इसके अलावा सरकार ने विभिन्न शहरों और कस्बों में स्थित कोचिंग सेंटरों, निजी अस्पतालों और अन्य इमारतों में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी है। वहीं इस घटना को देखते हुए मध्यप्रदेश के शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने भी सभी कोचिंग सेंटरों के सुरक्षा इंतजामों को जांचने के आदेश दे दिए है।

Share to...