April 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

अयोध्या फैसले पर बोले सलीम खान 5 एकड़ में मस्जिद की जगह स्कूल बनवा दें

सालों से चल रहे अयोध्या मामले पर आखिरकार सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दे दिया। शनिवार को कोर्ट ने अयोध्या मामले पर विवादित जमीन रामलला को सौंपने का फैसला सुनाया, जबकि मस्जिद के निर्माण के लिए अलग से 5 एकड़ जमीन देने का फैसला सुनाया। इस फैसले का स्वागत पूरे देश में किया गया। मशहूर लेखक और प्रोड्यूसर सलीम खान ने भी इस पर अपना रिएक्शन दिया है।
सलीम खान ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि अब अयोध्या विवाद के खत्म होने पर मुसलमानों को मोहब्बत और माफी इन दो सद्गुणों का पालन कर आगे बढ़ना चाहिए। मोहब्बत जाहिर करिए और माफ करिए। इस तरह के मामलों को रिवाइंड या रिकैप ना करें। बस यहां से आगे बढ़ें।
साथ ही उन्होंने कहा कि अयोध्या मामले पर फैसला आने के बाद जिस तरह लोगों ने शांति और सामंजस्य बिठाया है, वह काबिले-तारीफ है। इस बात को स्वीकार करें कि एक बहुत पुराने विवाद का सुलह कर लिया गया है। मैं तहे दिल से इस फैसले का स्वागत करता हूं।
मुसलमानों को इस मामले पर चर्चा नहीं करना चाहिए। बल्कि उन्हें अपनी बुनियादी समस्याओं और उनके हल पर चर्चा करनी चाहिए। यह मैं इसलिए बोल रहा हूं क्योंकि हमें स्कूलों की और अस्पतालों की जरूरत है। मेरी सलाह यही होगी कि अयोध्या में जो 5 एकड़ जमीन मस्जिद बनाने के लिए दी गई है, उस पर हम कॉलेज बना सकते हैं। हमें मस्जिद की जरूरत नहीं। नमाज तो हम कहीं भी पढ़ लेंगे, ट्रेन में, प्लेन में, जमीन पर, कहीं भी पढ़ लेंगे। लेकिन हमें बेहतर स्कूलों की जरूरत है। तालीम अच्छी मिलेगी 22 करोड़ मुसलमानों को, तो इस देश की बहुत सी कमियां खत्म हो जाएंगी।

Share to...