Unknown Disease : एक अज्ञात बीमारी से अब तक कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है और 400 से ज़्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया है कि इन मरीज़ों में जी मिचलाने और चक्कर खाकर बेहोश होने जैसे लक्षण देखने को मिल रहे हैं।
आंध्र प्रदेश में अधिकारी इस बीमारी की पड़ताल करने में जुटे हुए हैं। इस बीमारी के लक्षण आंध्र प्रदेश के इलुरु शहर में पिछले हफ़्ते के अंत में कई लोगों में देखने को मिले हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा, इस बीच अब इस रहस्यमयी बीमारी ने दस्तक दे दी है। भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या पूरी दुनिया में दूसरे स्थान पर है। देश में आंध्र प्रदेश सबसे बुरी तरह से प्रभावित राज्यों में शामिल है। यहाँ अब तक संक्रमण के 8 लाख मामले सामने आ चुके हैं। लेकिन ऐसा मालूम पड़ता है कि पिछले हफ़्ते अस्पताल में भर्ती होने वालों की प्रमुख वजह कोरोना से संक्रमित होना नहीं बल्कि ये बीमारी रही।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री अल्ला काली कृष्णा श्रीनिवास ने बताया है कि इस बीमारी की वजह से अस्पताल में भर्ती हुए सभी मरीज़ कोरोना वायरस निगेटिव पाए गए हैं। इलुरु के सरकारी अस्पताल के एक चिकित्सा अधिकारी ने द इंडियन एक्सप्रेस अख़बार को बताया कि जो लोग बीमार पड़े हैं ख़ासकर जिसमें बच्चे शामिल हैं उन्हें आंख में जलन के बाद उल्टी की शिकायत देखी गई है। इनमें से कुछ बेहोश भी हुए। अधिकारियों के अनुसार 200 से ज़्यादा लोगों को अस्पताल से इलाज के बाद घर भेज दिया गया है और बाक़ी लोगों का अब भी इलाज चल रहा है। बेहतर इलाज के लिए 14 मरीज़ों को विजयवाड़ा भेजा गया है।

More Stories
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय कार्यपरिषद सदस्य डॉ. कुशवाह ने जन्मदिवस के अवसर पर सबसे पहले स्व गणना पोर्टल पर स्व गणना की
किसानों को गेहूँ विक्रय के लिये 30 अप्रैल तक स्लॉट बुकिंग की सुविधा : मंत्री राजपूत
CrPI सिस्टम/MCU के प्रभावी संचालन हेतु राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित