उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों का जायजा, शाही सवारी मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का सीएम ने किया निरीक्षण
उज्जैन, 20 अगस्त। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को उज्जैन में विकास कार्यों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कंठाल चौराहा से सती गेट और सती गेट से छोटा सराफा चौराहा तक पैदल भ्रमण कर मार्ग चौड़ीकरण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी के इंजीनियरों से कार्य की प्रगति और कार्ययोजना की जानकारी ली।


इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्राचीन श्री चिंताहरण गणेश मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। कंठाल चौराहा और प्राचीन श्री सती माता मंदिर द्वार के प्रस्तावित विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की डिजाइन का भी उन्होंने अवलोकन किया।


स्थानीय रहवासियों और दुकानदारों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पुष्पमाला और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। सिंहस्थ की तैयारियों के तहत कंठाल चौराहा से छत्री चौक तक करीब 410 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। इसमें 310 मीटर तक पीसीसी सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है।


कंठाल चौराहा पर करीब 500 वर्ग मीटर क्षेत्र में पेवर ब्लॉक लगाकर सौंदर्यीकरण किया जाएगा। वहीं सती माता द्वार का भी विकास और सौंदर्यीकरण प्रस्तावित है। चौड़ीकरण कार्य में स्थानीय रहवासी और दुकानदार स्वेच्छा से अपने मकान-दुकान हटाकर प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद उमेश नाथ महाराज, महापौर मुकेश टटवाल सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

More Stories
West Bengal Adopts Indore Cleanliness Model: पश्चिम बंगाल सरकार अपनाएगी इंदौर का स्वच्छता मॉडल, मंत्री दिलीप घोष ने टीम के साथ किया दौरा
Shivpuri Hooch Syndicate: लाइसेंसी ठेके की आड़ में चल रहा था अवैध कारोबार, मैनेजर की हत्या के बाद सिंडिकेट पर उठे सवाल
Sevajya Sansthanam Ujjain Event: तकनीक, संस्कृति और सनातन जीवन-दृष्टि पर उज्जैन में होगी चर्चा, गीता भवन में जुटेंगे देश भर के विद्वान