April 17, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

मप्र में आने वाले दिनों में पड़ेगी भीषण गर्मी, ग्वालियर चंबल अंचल में पारा पहुँचेगा 44 पार

भोपाल: मध्य प्रदेश में आने वाले दिनों में भीषण गर्मी पड़ेगी। पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टरबैंस के निष्क्रिय होने से पूरे प्रदेश में पारा चढ़ेगा। खासकर, ग्वालियर-चंबल में गर्मी हाहाकार मचाएगी। यहां हीट वेव के साथ-साथ पारा 44 डिग्री सेल्सियस पहुंचेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, यह गर्मी लगातार एक हफ्ते तक बनी रहेगी। विभाग का कहना है कि प्रदेश में दिन और रात के तापमान में 2 डिग्री से ज्यादा का इजाफा हुआ है। प्रदेश में मानसून 15 जून के बाद आएगा। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

भोपाल की मौसम विज्ञानी दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि मध्य प्रदेश के ग्वालियर चंबल रीजन में 18 मई से हीट वेव चलेगी। इस पूरे बेल्ट और उससे लगे दूसरे जिलों में तापमान 44- 45 डिग्री के पार पहुंचने के आसार हैं। उन्होंने बताया कि इस बार केरल में एक दिन पहले मानसून दस्तक देता दिखाई दे रहा है। 1 जून की जगह 31 मई को केरल में मानसून आ जाएगा। जबकि, प्रदेश में मानसून 15 जून के बाद दस्तक देगा। मध्य प्रदेश में सामान्य बारिश होने के आसार हैं। प्रदेश के कई जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान गर्म हवाएं चलीं। सिवनी, कटनी और रतलाम में धूल भरी आंधी चली। इनके अलावा कई जिलों में गरज-चमक देखने को मिली। कई जगहों पर तेज हवाएं चलीं।

पिछले 24 घंटे के दौरान ग्वालियर-चंबल अंचल प्रदेश में सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, मुरैना में तापमान 44 डिग्री, ग्वालियर में 43.7 डिग्री, दतिया में 43.7 डिग्री, भिंड में 43 डिग्री, श्योपुर में 43डिग्री, शिवपुरी में 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यहां राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं ने पारा चढ़ा दिया है। ग्वालियर-चंबल अंचल में 20 मई से लू का कहर देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील है कि घरों से निकलने से पहले पूरी सावधानी बरतें। कड़ी धूप में बाहर न निकलें। बहुत जरूरी हो तो सिर अच्छे से ढंक लें और पानी पीते रहें। इस मौसम में झुललाने वाली गर्मी पड़ रही है। इसलिए शरीर को पूरी तरह ढंक कर रखें।

Share to...