May 10, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

तमिलनाडु में थलापति विजय ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, तमिलनाडु को दिया तोहफा 200 यूनिट बिजली फ्री

चेन्नई: प्रसिद्ध तमिल एक्टर विजय ने आज तमिलनाडु में मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। पहली बार के चुनाव में ही एक्टर विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) ने 108 सीटों पर जीत हासिल की थी।

उसके बाद कुछ दिनों के सियासी खींचतान के बाद उन्होंने बहुमत का आंकड़ा जुटाया और रविवार को चेन्नई में समर्थकों से भरे स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। विजय ने तमिल में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

चेन्नई के नेहरू इंडोर स्टेडियम में शपथ लेने के बाद सीएम विजय ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त और महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक विशेष बल का गठन करने वाली फाइल पर साइन किए। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर विजय के पहले तीन आदेश:-

  • हर महीने 200 यूनिट बिजली फ्री
  • हर जिले में एंटी ड्रग यूनिट का गठन
  • महिला सुरक्षाबल का गठन. तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनते ही विजय ने आम जनता के लिए 200 यूनिट मुफ्त बिजली का ऐलान किया है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए स्पेशल फोर्स की फाइल पर भी साइन किए। CM विजय ने अपने पहले भाषण में कहा कि वो किसी शाही खानदान से नहीं हैं, लोगों ने उनका स्वागत किया, उन्हें अपनाया।

थलापति विजय के साथ ही
एस.कीर्तना ने भी मंत्री पद की शपथ ली। 29 साल की कीर्तना टीवीके सरकार की सबसे युवा मंत्री हैं। उन्होंने तमिलनाडु की शिवकाशी सीट से चुनाव जीता है।वही डॉ.टीके प्रभु भी टीवीके सरकार में मंत्री बन गए हैं। कराईकुडी सीट से विधायक प्रभु पेशे से डेंटिस्ट हैं। वो पहली बार विधायक चुने गए हैं। वही तमिल एक्टर और डायरेक्टर राजमोहन ने भी मंत्री पद का शपथ ग्रहण किया। वो टीवीके के प्रचार सचिव और एग्मोर सीट से नवनिर्वाचित विधायक हैं।

आर.निर्मलकुमार ने भी मंत्री पद की शपथ ली। वो तमिलनाडु में बीजेपी सोशल मीडिया के चीफ रह चुके हैं। थिरुपरंकुंद्रम सीट से नवनिर्वाचित विधायक निर्मलकुमार कभी AIADMK का भी हिस्सा रहे। मायलापुर से नव निर्वाचित विधायक पी.वेंकेटरामनन ने भी मंत्री पद की शपथ ली। वो लंबे समय से विजय से जुड़े रहे हैं। साल 2000 में वो विजय के मैनेजर थे। वही गोबीचेट्टिपालयम सीट से नव निर्वाचित विधायक केए. सेंगोट्टैयन ने भी मंत्री पद का शपथ ग्रहण किया। नवीं बार के विधायक सेंगोट्टैयन टीवीके से पहले लंबे समय तक AIADMK से जुड़े रहे।

टीवीके के महासचिव केजी अरुण राज ने भी मंत्री पद की शपथ ली। तिरुतेंगोडे सीट से नव निर्वाचित विधायक अरुण पूर्व IRS अधिकारी हैं। टीवीके नेता और प्रमुख रणनीतिकार आधव अर्जुन ने भी मंत्री पद की शपथ ली। वो विल्लिवक्कम सीट से विधायक है और वीसीके के जनरल सेक्रेटरी रह चुके हैं।
थिरू एन.आनंद ने मंत्री पद की शपथ ली। वो त्यागराज सीट से विधायक हैं, इसके साथ ही आनंद टीवीके के महासचिव और प्रवक्ता भी हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि विजय को तमिलनाडु का सीएम बनने पर बधाई। उनके कार्यकाल को लेकर मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं। केंद सरकार लोगों के जीवन में सुधार के लिए तमिलनाडु की सरकार के साथ मिलकर काम करेगी।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने तमिलनाडु का सीएम बनने पर विजय को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘डियर थिरु विजय अवर्गल, राहुल गांधी की मौजूदगी में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने पर मैं आपको बधाई देता हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर आप गरीबों का भला करेंगे, सभी को न्याय देंगे और अपने राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। दिल से बधाई और शुभकामनाएं।

आंध्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण ने तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर विजय को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘टीवीके चीफ थिरु विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने पर और मंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले सभी लोगों को दिल से बधाई। मैं उम्मीद करता हूं कि नई सरकार लोगों की उम्मीदों को पूरा करेगी, ट्रांसपेरेंट और प्रोग्रेसिव गवर्नेंस पक्का करेगी, और तमिलनाडु को ज्यादा ग्रोथ और खुशहाली की ओर ले जाएगी।

Share to...