April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

जम्मू कश्मीर में सेना के वाहन पर आतंकी हमला,सेना की गाड़ी में लगी आग, 5 जवान शहीद 1 की हालत गंभीर

जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को सेना की गाड़ी पर आतंकी हमला किया गया जिससे गाडी में आग लग गई। इस हमले में 5 जवान शहीद हुए हैं, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज सेना अस्पताल में चल रहा है। इसे सेना ने आतंकी हमला बताया है। इसकी पुष्टि सेना की तरफ से कर दी गई है। आतंकी संगठन जैश समर्थित PAFF यानी पीपल्स एंटी फासिस्ट फ्रंट ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।

सेना की ओर से बताया गया है कि आज गुरुवार को लगभग दोपहर तीन बजे राजौरी सेक्टर में भीमबेर गली और पुंछ के बीच हाइवे से गुजर रहे सेना के एक वाहन पर अज्ञात आतंकवादियों ने गोलीबारी की। माना जा रहा है कि आतंकवादियों ने ग्रेनेड का भी इस्तेमाल किया, जिससे वाहन में आग लग गई। भारी बारिश और कम दृश्यता का फायदा उठाते हुए ये आतंकी हमला हुआ।

सेना के मुताबिक इस क्षेत्र में काउंटर टेररिस्ट ऑपरेशन के लिए तैनात राष्ट्रीय राइफल्स यूनिट के पांच जवान घटना में शहीद हुए हैं। एक अन्य गंभीर रूप से घायल जवान को तुरंत राजौरी के सेना अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया गया है। जानकारी के मुताबिक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने आतंकवादी हमले में पांच सैनिकों की मौत के बारे में जानकारी दी। भारतीय सेना के जवान जमीन पर स्थिति पर नजर रख रहे हैं और उचित कार्रवाई कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि आतंकियों ने ग्रेनेड हमले के बाद तीन तरफ से फायरिंग किम माना जा रहा है कि हमले के पीछे चार आतंकी शामिल हैं। हमले के बाद वाहन के फ्यूल टैंक में आग लगी और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया। सूत्रों का कहना है कि जब ये हमला हुआ, जवान गाड़ी में सब्जी और अन्य सामान लेकर जा रहे थे। इसे जम्मू-कश्मीर में जी-20 सम्मेलन से पहले एक सुनियोजित हमला बताया जा रहा है।

हमले को लेकर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा का भी बयान आया है. उन्होंने कहा, “पुंछ में एक दुखद घटना में बहादुर सैन्य कर्मियों की जान जाने से मुझे गहरा दुख हुआ है। राष्ट्र के लिए उनकी समृद्ध सेवा को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। मेरे विचार शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।

Share to...