November 17, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

राजौरी में सेना के केम्प पर आतंकी हमला, जवानो ने किया नाकाम, एक जवान घायल, सर्च ऑपरेशन जारी

जम्मू कश्मीर: जम्मू-कश्मीर में आतंकी अपनी हरकतों से बाज नही आ रहे हैं। जम्मू कश्मीर में एक बार फिर से आतंकियों ने सेना के कैंप को निशाना बनाया है। राजौरी में आतंकियों ने सेना के कैंप पर हमला किया जिसे सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया। आतंकी हमले में सेना का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है।

आतंकवादियों ने राजौरी के सुदूर गांव में स्थित सेना के कैंप को निशाना बनाते हुए जबरदस्त फायरिंग की। सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की और हमले को नाकाम कर दिया। इसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली और बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया हुआ है और आतंकियों की तलाश की जा रही है। कितने आतंकी थे, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। वहीं गंभीर रूप से घायल हुए जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आतंकियों ने सुबह लगभग 3.30 बजे राजौरी जिले के सुदूर बुधल इलाके के गुंडा गांव में स्थित सेना के कैंप पर जबरदस्त गोलीबारी शुरू कर दी। यह कैंप हाल ही में बनाया गया है। सतर्क सेना के जवानों ने जवाबी कार्रवाई की और संभावित बड़े आतंकी हमले को नाकाम कर दिया। इस दौरान एक छोटी मुठभेड़ हुई हालांकि, आतंकवादी भागने में सफल रहे। इलाके में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

आपको बता दें कि बीते एक महीने के दौरान जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटनाओं में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान आतंकवादियों ने कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया, जिनमें 12 जवान शहीद हुए हैं और 9 आम नागरिकों की मौत हुई है। हालिया हमला डोडा में हुआ था, जहां घने जंगलों में सेना के एक सर्च दल पर आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया था। इस हमले में एक अधिकारी सहित चार जवान शहीद हो गए थे।

Share to...