नईदिल्ली: एशिया कप में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 5 विकेट से करारी शिकस्त देकर नौवीं बार जीत हासिल की लेकिन टीम ने ट्रॉफी नहीं ली। मोहसिन नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष हैं, साथ ही वह एसीसी अध्यक्ष भी हैं। उनसे ट्रॉफी लेने से टीम इंडिया ने मना कर दिया। नकवी खड़े रहे और काफी समय तक हंगामा देखने को मिला।
फाइनल मुकाबला समाप्त होने के सवा घंटे बाद तक प्रेजेंटेशन सेरेमनी शुरू नहीं हुई क्योंकि भारत ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से मना कर दिया था। नकवी एसीसी अध्यक्ष होने के नाते ट्रॉफी देना चाहते थे और उनका कहना था कि प्रोटोकॉल यही है। पाकिस्तान की टीम भी काफी समय तक वहां नहीं आई।
मैच के बाद करीब 2 घंटे तक ड्रामा चला जब नकवी ट्रॉफी लेकर स्टेज पर खड़े रहे। लेकिन भारतीय प्लेयर्स अड़े रहे कि वो नकवी के हाथों ट्रॉफी नहीं लेंगे। भारतीय खिलाड़ियों ने अपना रुख साफ रखा कि जब तक नकवी स्टेज से नहीं उतरेंगे तब तक वह स्टेज पर नहीं जाएंगे। आखिरकार ये फैसला हुआ कि भारतीय टीम अवॉर्ड नहीं लेगी।
बता दें कि एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के प्रेसिडेंट मोहसिन नकवी हैं, जो पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं। हैंडशेक विवाद के बाद से ही अटकलें लगाई जा रही थीं कि भारतीय प्लेयर्स किसी पाकिस्तानी के हाथ से ट्रॉफी नहीं लेंगे, क्योंकि 14 सितंबर को जब भारत और पाकिस्तान के बीच इस टूर्नामेंट का पहला मैच खेला गया था, तब भी भारतीय प्लेयर्स ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ तक नहीं मिलाया था। जिसके बाद खूब ड्रामा हुआ था।
बता दें कि फाइनल से पहले नकवी ने ट्रॉफी देने को लेकर अपनी उत्सुकता व्यक्त की थी। एशिया कप के इतिहास में यह पहली बार था जब पाकिस्तान और भारत फाइनल में आमने-सामने थी। मोहसिन नकवी ने एक बयान में कहा था, ‘इस साल का एशिया कप क्रिकेट की उत्कृष्टता और प्रतिभा का एक शानदार प्रदर्शन रहा है। प्रशंसकों का जुनून, एशियाई टीमों की प्रतिस्पर्धी भावना और मैदान पर उनके अविश्वसनीय प्रदर्शन ने इसे सचमुच एक यादगार आयोजन बना दिया है। हमें रिकॉर्ड दर्शक संख्या देखने को मिलेगी, जो पूरे महाद्वीप में क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण है। मैं एक शानदार फाइनल मैच देखने के लिए उत्साहित हूं और विजेता टीम को ट्रॉफी सौंपने के लिए उत्सुक हूं।
बता दे कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भी इस जीत के बाद खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए ₹21 करोड़ रुपये के नकद इनाम का ऐलान किया। बीसीसीआई सचिव ने कहा: ‘हमारी टीम ने पाकिस्तान को सुपर-4 में और फिर फाइनल में हराकर शानदार प्रदर्शन किया। तीनों मैचों में टीम इंडिया ने एकतरफा दबदबा बनाया। हमें अपनी टीम पर गर्व है, जिसने मैदान पर वही जज्बा दिखाया, जो हमारे सशस्त्र बल सीमा पर दिखाते हैं।
भारतीय खिलाड़ियों ने बिना ट्रॉफी के ही जीत का जश्न मनाया और पोडियम पर खड़े होकर फोटो सेशन करवाया। भारतीय खिलाड़ियों ने जमकर जश्न मनाया।

More Stories
चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को मिली शिलांग कोर्ट से जमानत
पूर्व केंद्रीय मंत्री दिनेश त्रिवेदी बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त नियुक्त,यह है नियुक्ति का मुख्य कारण
मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण कार्यालय को मिला आईएसओ सर्टिफिकेशन