November 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

तीसरे टी20 में वेस्टइंडीज को टीम इंडिया ने 7 विकेट से हराया, सीरीज में 2-1 से आगे वेस्टइंडीज

वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज के तीसरे मैच में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत दर्ज कर ली। सीरीज के शुरुआती दोनो मैच हारने के बाद सीरीज में बने रहने के लिए तीसरे करो या मरो के मुकाबले में टीम इंडिया ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। इस मैच में भारतीय टीम ने 7 विकेट से जीत दर्ज की। मगर अब भी सीरीज में वेस्टइंडीज 2-1 से आगे है।

तीसरे मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 159 रन बनाएं। 160 रनों के टारगेट के जवाब में भारतीय टीम ने 3 विकेट गंवाकर 17.5 ओवर में ही 164 रन बनाकर मैच जीत लिया।

टीम इंडिया के लिए सूर्यकुमार यादव ने 44 गेंदों पर 83 रनों की आतिशी पारी खेली। इस दौरान सूर्या ने 4 छक्के और 10 चौके जमाए जबकि तिलक वर्मा ने 37 गेंदों पर 49 रनों की नाबाद पारी खेली। कप्तान हार्दिक पांड्या ने छक्का लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई। विंडीज के लिए अल्जारी जोसेफ ने 2 और ओबेड मैकॉय ने 1 विकेट लिया।

मैच में वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमैन पॉवेल ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। इसके बाद टीम ने 5 विकेट गंवाकर 159 रन बनाए। विंडीज के लिए ओपनर ब्रेंडन किंग ने 42 गेंदों पर 42 रनों की पारी खेली। इसके बाद कप्तान रोवमैन पॉवेल ने 19 गेंदों पर नाबाद 40 रन बनाए। टीम इंडिया के लिए कुलदीप यादव ने 28 रन देकर 3 विकेट झटके जबकि अक्षर पटेल और मुकेश कुमार को 1-1 सफलता मिली।

टीम इंडिया की इस जीत के बावजूद सीरीज में वेस्टइंडीज 2-1 से आगे है और अब सीरीज का चौथा मुकाबला 12 अगस्त को अमेरिका के फ्लोर शहर में खेला जाएगा।

Share to...